ATM नहीं टूटा तो बैट्री-DVR ही उखाड़ ले गए चोर, कानपुर में कैश लूट की कोशिश नाकाम
कानपुर के घाटमपुर में चोरों ने ATM तोड़कर कैश निकालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। बदमाश ATM की बैट्री और CCTV DVR उखाड़ ले गए। पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के घाटमपुर में चोरों ने देर रात ATM को निशाना बनाकर नकदी लूटने की कोशिश की, लेकिन मशीन नहीं टूट सकी। कैश निकालने में नाकाम बदमाश ATM की बैट्री और CCTV कैमरों की DVR मशीन उखाड़कर फरार हो गए। सुबह घटना का पता चला तो इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अब आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
ATM तोड़ने में नाकाम रहे चोर
घटना घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बे में तिलसड़ा मोड़ स्थित हिटाची ATM की है। मंगलवार देर रात अज्ञात चोर ATM में दाखिल हुए और मशीन को तोड़कर रुपये निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बावजूद जब वे ATM नहीं तोड़ सके तो उन्होंने वहां लगे दूसरे उपकरणों को निशाना बनाया।
चोर ATM के पीछे रखी बैट्री उखाड़ ले गए और CCTV सिस्टम की DVR भी निकाल ली।
कैश नहीं मिला तो CCTV का रिकॉर्डर ले गए
DVR ले जाने से पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या बदमाश वारदात की रिकॉर्डिंग अपने साथ ले जाना चाहते थे। हालांकि ATM के आसपास मौजूद अन्य CCTV कैमरे पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकते हैं।
सुबह कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ATM का निरीक्षण किया।
आसपास के CCTV से बदमाशों की तलाश
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे, वे किस रास्ते से ATM तक पहुंचे और घटना के बाद किस दिशा में भागे।
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है। ATM से नकदी चोरी करने की कोशिश नाकाम होने के बावजूद बैट्री और DVR चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में बनते-बनते भरभराकर गिरा अन्नपूर्णा भवन, घटिया निर्माण के आरोप से मचा हड़कंप



