सीतापुर में अचानक धरती फटी या धंसी जमीन? घर के आंगन में बना 25 फीट गहरा गड्ढा
सीतापुर के नैमिषारण्य में घर के आंगन की जमीन अचानक धंसकर 25 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के समय बच्चे खेल रहे थे, लेकिन समय रहते भागने से बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने परिवार को शिफ्ट कराया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के नैमिषारण्य में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के आंगन की जमीन अचानक धंस गई। देखते ही देखते वहां करीब 25 फीट गहरा गड्ढा बन गया। खास बात यह रही कि घटना के समय बच्चे इसी आंगन में खेल रहे थे। जमीन धंसते ही बच्चे सुरक्षित जगह की ओर भाग गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जमीन धंसी तो मची अफरा-तफरी
मामला नैमिषारण्य थाना क्षेत्र की नैमिष कॉलोनी का है। अचानक जमीन धंसने की घटना से परिवार के लोग घबरा गए। आंगन में बने गहरे गड्ढे को देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। लोगों में जमीन के और धंसने को लेकर डर का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। एसडीएम दीपक गुप्ता के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रशासन ने परिवार को दूसरे मकान में कराया शिफ्ट
एहतियात के तौर पर गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग करा दी गई है, ताकि कोई व्यक्ति गलती से उसके पास न पहुंच सके। सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित परिवार को फिलहाल दूसरे मकान में शिफ्ट करा दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक घर और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाता, तब तक परिवार को वापस नहीं भेजा जाएगा।
जमीन धंसने की वजह की होगी जांच
अचानक जमीन धंसने के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच कराई जाएगी। राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।
फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि जमीन धंसने के वक्त आंगन में मौजूद बच्चे समय रहते वहां से हट गए। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो हादसा गंभीर हो सकता था। घटना के बाद नैमिष कॉलोनी में लोगों के बीच जमीन की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: तीन महीने पहले हुई थी शादी, फिर रात में हुआ विवाद और युवक ने उठा लिया खौफनाक कदम



