आर्थिक मदद से रागिनी की राह हुई आसान

बिटिया को व्हीलचेयर और 25 हजार की सहायता मिली

  • रागिनी को कृत्रिम पैर लगवाने कानपुर के एलिम्को लेकर जाएंगे पार्टी के साथी : सांसद संजय सिंह

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बलिया/वाराणसी/लखनऊ । आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देशानुसार आप कार्यकर्ताओं ने बलिया जिले की बहादुर बिटिया रागिनी की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा, बलिया जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव और महासचिव अंजनी तिवारी ने रागिनी के घर पहुँचकर उसे व्हीलचेयर, बैसाखी, कॉपी कलम और 25,हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की।
सांसद संजय सिंह ने खुद बिटिया और उसके परिजनों से फोन पर बात कर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य में हर संभव मदद का भरोसा दिया। सांसद संजय सिंह ने कहा कि बलिया के मनियर ब्लॉक के दिघेड़ा ग्राम सभा के रानीपुर में रहने वाली 7 वर्षीय रागिनी की कहानी अत्यंत मार्मिक और प्रेरणादायक है। मात्र 6 महीने की उम्र में एक दर्दनाक हादसे ने रागिनी से उसका एक पैर छीन लिया था, लेकिन उसके हौसले को नहीं तोड़ सका। वह नन्ही सी जान अपने घर से 400 मीटर दूर स्थित स्कूल तक एक पैर से कूदते हुए जाती थी। संजय सिंह ने कहा कि जब हमें इस साहसी बिटिया के बारे में पता चला, तो हमने तय किया कि रागिनी की पढ़ाई और उसकी राह में शारीरिक अक्षमता को बाधा नहीं बनने देंगे।

संजय ने कार्यकर्ताओं में जगाई सेवा की अलख : सर्वेश मिश्रा

रागिनी से मिलने पहुँचे आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने सांसद संजय सिंह के विजन की सराहना करते हुए कहा कि, सांसद संजय सिंह भईया ने पार्टी के सभी साथियों में सेवा भावना को और प्रबल किया है। उन्होंने (संजय सिंह) जिस तरह अपना हाथ इस बच्ची के सिर पर रखा है, उससे हमें पूरा विश्वास है कि जीवन में अब इसे किसी चीज की कमी नहीं होगी। सर्वेश मिश्रा ने कहा कि सांसद जी के मार्गदर्शन में पूरी पार्टी प्रदेश के पीडि़त और शोषित वर्गों की सेवा के लिए हमेशा तैयार खड़ी है।

अभाव में जी रहे बच्चों की मुस्कान ही हमारी असली पूंजी : सांसद

सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल राजनीति के लिए नहीं बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसे कई बच्चे हैं जो संसाधनों के अभाव में संघर्ष कर रहे हैं। रागिनी जैसी बिटिया की मुस्कान हमारे लिए किसी भी चुनावी जीत से बड़ी है। सांसद संजय सिंह ने वीडियो कॉल के जरिए भी रागिनी से बात की, उसका हाल जाना, उसका हौसला बढ़ाया और उसे खूब पढऩे और आगे बढऩे का आशीर्वाद दिया। बिटिया के परिजनों ने इस मानवीय पहल के लिए सांसद संजय सिंह और आम आदमी पार्टी का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button