टॉयलेट गई महिला बंदी फिर नहीं लौटी, बुर्के में भागने का दावा; दो सिपाही सस्पेंड
बरेली जिला अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा में भर्ती 48 वर्षीय महिला बंदी फरार हो गई। बुर्का पहनकर भागने का दावा है। लापरवाही के आरोप में दो महिला सिपाही निलंबित।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर बुधवार शाम उस वक्त सवाल खड़े हो गए, जब इलाज के लिए भर्ती एक महिला बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि महिला टॉयलेट जाने के बहाने गई और वहां कपड़े बदलकर बुर्का पहन लिया। इसके बाद वह सुरक्षा में तैनात दो महिला सिपाहियों को चकमा देकर अस्पताल से बाहर निकल गई। घटना के बाद दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।
टॉयलेट गई महिला, वापस लौटी तो नहीं मिली
48 वर्षीय महिला बंदी बरेली सेंट्रल जेल-2 में निरुद्ध थी। 31 अगस्त को कोर्ट में पेशी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसकी सुरक्षा के लिए दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
बुधवार शाम महिला ने टॉयलेट जाने की बात कही। वह सूट पहनकर वहां गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। महिला सिपाहियों ने जाकर देखा तो वह वहां नहीं मिली। मौके पर उसके कपड़े मिलने के बाद पुलिस को उसके कपड़े बदलकर फरार होने का शक हुआ।
बुर्का कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला ने टॉयलेट में कपड़े बदलने के बाद बुर्का पहना और अस्पताल से बाहर निकल गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बुर्का अस्पताल तक कैसे पहुंचा और क्या किसी व्यक्ति ने फरारी में उसकी मदद की थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
दो महिला सिपाही निलंबित, तलाश में कई टीमें
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में सुरक्षा में तैनात दोनों महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फरार महिला की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के जरिए अस्पताल से निकलने के बाद उसके संभावित रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: पत्नी को कार में युवक के साथ देखा तो सड़क पर भड़का पति, VIDEO ने मचाई सनसनी



