गोरखपुर के पर्वतारोही नीतीश सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, UP स्पोर्ट क्लाइम्बिंग की संभाली कमान

गोरखपुर के अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही नीतीश कुमार सिंह को स्पोर्ट क्लाइम्बिंग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। UP Olympic Association ने 2 सितंबर को मान्यता की पुष्टि की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के युवा अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही नीतीश कुमार सिंह को स्पोर्ट क्लाइम्बिंग एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से 2 सितंबर 2026 को जारी प्रमाण-पत्र में एसोसिएशन की मान्यता की पुष्टि की गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

प्रमाण-पत्र में अध्यक्ष के साथ सचिव और कोषाध्यक्ष का भी नाम

उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के प्रमाण-पत्र में नीतीश कुमार सिंह को अध्यक्ष, दीपक कुमार को सचिव और आदित्य रुंगटा को कोषाध्यक्ष के रूप में दर्ज किया गया है। एसोसिएशन को मिली मान्यता के बाद अब प्रदेश में इस खेल से जुड़ी गतिविधियों को संस्थागत स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में काम होने की उम्मीद है।

13 देशों की चोटियों पर पहुंचाया तिरंगा

नीतीश सिंह ने पर्वतारोहण अभियानों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है। विभिन्न अभियानों में वह भारतीय तिरंगे को 13 देशों की ऊंची चोटियों तक ले जा चुके हैं। उनके अभियान सिर्फ रोमांच और चुनौती तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सामाजिक संदेशों से भी जुड़े रहे हैं।

उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सर्व शिक्षा अभियान, ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, बाल अधिकार, महिला स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को अपने अभियानों का हिस्सा बनाया है। उनका मानना है कि पर्वतारोहण के जरिए सामाजिक संदेशों को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।

युवा खिलाड़ियों के लिए बढ़ सकती हैं संभावनाएं

नीतीश सिंह को अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को स्पोर्ट क्लाइम्बिंग में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके पर्वतारोहण अनुभव का लाभ इस खेल को बढ़ावा देने में मिल सकता है।

गोरखपुर से अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण तक पहचान बनाने वाले नीतीश सिंह की नई जिम्मेदारी पर खेल जगत और युवाओं ने खुशी जताई है। शहर के सामाजिक संगठनों और पर्वतारोहण प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: सरायन नदी में छलांग लगाने के 20 घंटे बाद भी दिनेश का सुराग नहीं, NDRF ने संभाला मोर्चा

Related Articles

Back to top button