गोरखपुर में ओवरब्रिज पर अचानक धू-धूकर जली कार, लपटें देख मची भगदड़
गोरखपुर के मोहद्दीपुर-असुरन ओवरब्रिज पर चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। दमकल टीम ने 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में गुरुवार शाम एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। मोहद्दीपुर से असुरन की ओर जाने वाले ओवरब्रिज पर करीब सात बजे हुई इस घटना से कुछ देर के लिए मौके पर हड़कंप मच गया। कार से उठती तेज लपटें देखकर ओवरब्रिज से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
देखते ही देखते आग ने कार को लिया चपेट में
जानकारी के मुताबिक, कार ओवरब्रिज से गुजर रही थी, तभी उसमें अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कार से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग अपने वाहन रोककर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
दोनों तरफ लगा वाहनों का लंबा जाम
आग की घटना के चलते ओवरब्रिज पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू
दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की चपेट में आने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: कानपुर में पांडु नदी का रौद्र रूप, घरों में घुसा पानी; NDRF ने संभाला मोर्चा



