वित्त मंत्रालय का अफसर बनकर 113 करोड़ ठगे, UAE में दबोचा गया क्रिप्टो ठग

113 करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरेंसी ठगी के मुख्य आरोपी अमित लखनपाल को दुबई (UAE) में गिरफ्तार कर लिया गया है. उस पर आरोप है कि उसने ये ठगी मुंबई में की है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: 113 करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरेंसी ठगी के मुख्य आरोपी अमित लखनपाल को दुबई (UAE) में गिरफ्तार कर लिया गया है. उस पर आरोप है कि उसने ये ठगी मुंबई में की है.

मुंबई के ठाणे में ₹113 करोड़ की कथित ठगी के मामले में वांछित आरोपी अमित लखनपाल को UAE में गिरफ्तार किया गया है. ठाणे पुलिस के अनुरोध पर जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ये कार्रवाई की गई. प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने आरोपी की लोकेशन की जानकारी UAE अधिकारियों को दी थी.

अमित लखनपाल पर आरोप है कि उसने खुद को वित्त मंत्रालय का अधिकारी बताकर साल 2017-18 में निवेशकों को अपनी कथित क्रिप्टोकरेंसी मनी ट्रेड कॉइन यानी MTC में निवेश करने के लिए आकर्षित किया और करीब 113 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की.

आरोपी ने स्टार होटलों में सेमिनार आयोजित कर निवेशकों को भरोसा दिलाया था कि MTC को सरकार की मान्यता मिलने वाली है. जांच में सामने आया कि बाद में MTC से जुड़े कई कथित स्कीम और एक्सचेंज शुरू किए गए, जिनमें Coin Deposit Ratio, MTC Banque, MTCX India और Cryptozaniya शामिल थे.

लोगों के डूब गए पैसे

ED के मुताबिक, आरोपियों ने MTC क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में कथित तौर पर हेरफेर किया. बाद में इसके ट्रेडिंग और पैसे निकालने की सुविधाएं बंद कर दी गईं, जिससे निवेशकों की मूल रकम और वादा किए गए रिटर्न दोनों डूब गए.

इस मामले में ठाणे पुलिस अमित लखनपाल के साथ ताहा हाफिज काजी, सचिन वसंत शेलार, कोमल भीमराव शिरसाठ और अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच कर रही है. इसी मामले के आधार पर ED भी कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है.

ED ने इससे पहले आरोपियों से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी कर संपत्तियां जब्त की थीं. जांच एजेंसी का आरोप है कि लखनपाल और उसके साथियों ने बिना सरकारी मान्यता वाली MTC क्रिप्टोकरेंसी तैयार की और निवेशकों को इसमें पैसा लगाने के लिए कथित तौर पर गुमराह किया.

किस देश का पासपोर्ट किया था हासिल?

पुलिस FIR दर्ज होने के बाद लखनपाल अपने करीबी सहयोगियों के साथ भारत से फरार हो गया था. ED के मुताबिक, उसने Antigua and Barbuda के पासपोर्ट हासिल किए और दुबई में कथित तौर पर फर्जी पहचान के साथ रह रहा था.

जांच में ये भी सामने आया है कि उस समय ठाणे में तैनात एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कथित तौर पर लखनपाल के कार्यालय और उसके ग्राहकों से जुड़े कामकाज को संभालता था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.

लखनपाल की पत्नी भारत में ही रह गई थी. सूत्रों के मुताबिक, उसने 2023-24 के दौरान तीन बार देश छोड़ने की कोशिश की, लेकिन एयरपोर्ट पर उसे रोक दिया गया. बाद में लखनपाल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के लिए भी Antigua का पासपोर्ट हासिल किया और वह पिछले साल भारत से बाहर चली गई.

अमित लखनपाल की गिरफ्तारी के बाद अब भारत सरकार ने उसे UAE से प्रत्यर्पित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और संबंधित एजेंसियों से मामले की पूरी जानकारी मांगी गई है.

Related Articles

Back to top button