मंत्री के कोतवाली पहुंचते ही बदले हालात! सैकड़ों कार्यकर्ताओं के बीच देर रात पिता-पुत्र रिहा
सीतापुर में मंदिर का चबूतरा तोड़े जाने के विरोध में हिरासत में लिए गए पिता-पुत्र देर रात रिहा हो गए। मंत्री राकेश राठौर सैकड़ों कार्यकर्ताओं संग कोतवाली पहुंचे थे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मंदिर का चबूतरा तोड़े जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद गुरुवार देर रात तक चलता रहा। विरोध करने पर हिरासत में लिए गए पिता-पुत्र की रिहाई की मांग को लेकर नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शहर कोतवाली पहुंच गए। अधिकारियों से बातचीत और काफी देर चले हंगामे के बाद दोनों को देर रात रिहा कर दिया गया। इसके बाद मंत्री खुद उन्हें अपने वाहन से घर छोड़ने गए।
चबूतरा हटाने के विरोध पर हिरासत में लिए गए पिता-पुत्र
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के रम्पा रोड का है। नगर पालिका की टीम सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान मंदिर के सामने बना चबूतरा भी हटा दिया गया।
इसका विरोध कर रहे जितेंद्र मिश्रा और उनके बेटे शुभम मिश्रा की प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस से कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली ले आई। घटना की जानकारी फैलते ही मामला तूल पकड़ गया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे मंत्री
पिता-पुत्र की हिरासत की जानकारी मिलने पर नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु देर रात बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने अधिकारियों के सामने दोनों को तत्काल रिहा करने की मांग रखी।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। बातचीत के दौरान मंत्री भावुक भी नजर आए।
देर रात रिहाई, खुद घर छोड़ने गए मंत्री
कोतवाली में काफी देर तक अधिकारियों और मंत्री के बीच बातचीत चलती रही। एएसपी उत्तरी आलोक कुमार सिंह, सीओ सिटी समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में जितेंद्र मिश्रा और शुभम मिश्रा को देर रात रिहा कर दिया गया।
रिहाई के बाद मंत्री दोनों को अपने वाहन से उनके घर लेकर गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान कोतवाली के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही, जिससे मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: पूर्व PA भी नहीं बच पाए! KDA VC अंकुर कौशिक ने भ्रष्टाचार पर लिया बड़ा एक्शन



