मां बस कुछ मिनट इंतजार करती रही… फिर नहीं लौटा अजनबी, 9 साल की मासूम का नहीं मिला सुराग

मिर्जापुर से प्रयागराज पहुंची ट्रेन में नौ वर्षीय बच्ची को कुरकुरे दिलाने के बहाने अजनबी अपने साथ ले गया। CCTV में संदिग्ध दिखा, जीआरपी ने तलाश तेज कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर से प्रयागराज तक ट्रेन का सफर एक परिवार के लिए उस वक्त खौफनाक बन गया, जब एक अजनबी व्यक्ति नौ वर्षीय बच्ची को कुरकुरे दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और फिर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। अब रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

ट्रेन में हुई मुलाकात, धीरे-धीरे बढ़ा भरोसा

घटना 8 सितंबर 2026 की बताई जा रही है। मड़िहान थाना क्षेत्र की रहने वाली आशा देवी अपनी नौ वर्षीय बेटी और मुंह बोले भाई अनुज के साथ दिल्ली जाने के लिए निकली थीं। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर उनकी मुलाकात एक अजनबी व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को दिल्ली जाने वाला बताया। बातचीत के बाद वह भी परिवार के साथ ट्रेन में सवार हो गया।

शाम करीब छह बजे ट्रेन प्रयागराज के लिए रवाना हुई। सफर के दौरान व्यक्ति परिवार के साथ घुल-मिल गया। परिवार को उस समय उसके व्यवहार पर कोई संदेह नहीं हुआ।

कुरकुरे दिलाने के बहाने बच्ची को ले गया

प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद करीब साढ़े सात बजे संदिग्ध ने बच्ची से कुरकुरे दिलाने की बात कही। मां को लगा कि वह कुछ खाने का सामान दिलाकर कुछ ही देर में वापस आ जाएगा। लेकिन समय बीतता गया और न वह व्यक्ति लौटा, न बच्ची वापस आई।

परिजनों ने प्लेटफॉर्म और आसपास के हिस्सों में बच्ची को तलाशा। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो जीआरपी प्रयागराज को सूचना दी गई। मां की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV फुटेज से तलाश तेज, बरामदगी पर नजर

पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। बताया जा रहा है कि फुटेज में संदिग्ध बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया है। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस की टीमें बच्ची की सकुशल बरामदगी और संदिग्ध की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और उसकी पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: चार फाटक खुले, पानी का बहाव तेज… फिर भी सिरसी डैम के डेंजर जोन में पहुंच रहे सैलानी

Related Articles

Back to top button