मंदिर जा रही महिला के कुंडल लूटे, अब पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए तीन बदमाश; एक को लगी गोली
बरेली में मंदिर जा रही महिला के कुंडल लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एफसीआई गोदाम के पास मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ। कुंडल, तमंचे और बाइक बरामद हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में सुबह मंदिर जा रही महिला के कानों से कुंडल झपटकर फरार हुए बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मंगलवार को भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लूटे गए दोनों कुंडल, तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
मंदिर जाते समय पीछे से झपटे थे कुंडल
संजयनगर निवासी 52 वर्षीय पूनम पत्नी राजकुमार नौ सितंबर की सुबह अपनी बेटी और पड़ोसन के साथ मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर जा रही थीं। आरोप है कि मॉडल टाउन गेट के पास पीछे से बाइक पर आए युवक ने झपट्टा मारकर दोनों कानों के कुंडल उतार लिए और साथी के साथ फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर बारादरी थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ सामना
पुलिस के अनुसार मंगलवार को भरतौल रोड पर एफसीआई गोदाम के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई।
इस दौरान अजय मिश्रा (36) पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी पिंटू मिश्रा (32) और तरुण उर्फ आकाश (24) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कुंडल, तमंचे और बिना नंबर की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से पीली धातु के दो कुंडल, .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक भी मिली है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट- सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: ट्रैक्टर धोने को लेकर शुरू हुई कहासुनी, देखते ही देखते बरसने लगे पत्थर; बदायूं में बवाल



