आगरा से बरामद तेंदुए की खाल पर सुनवाई, CJI ने पूछा- ‘क्या घर में तेंदुए पालते थे?’
सुप्रीम कोर्ट मध्य प्रदेश में तेंदुए के कथित शिकार मामले में वाइल्डलाइफ SOS के को-फाउंडर कार्तिक सत्यनारायण की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा. मध्य प्रदेश HC ने उनकी अंतरिम सुरक्षा वापस ले ली थी.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सुप्रीम कोर्ट मध्य प्रदेश में तेंदुए के कथित शिकार मामले में वाइल्डलाइफ SOS के को-फाउंडर कार्तिक सत्यनारायण की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा. मध्य प्रदेश HC ने उनकी अंतरिम सुरक्षा वापस ले ली थी.
मध्य प्रदेश में तेंदुए के कथित शिकार की जांच से जुड़े मामले में सुनवाई के लिए तैयार हो गया है. शीर्ष अदालत ने वाइल्डलाइफ SOS के को-फाउंडर और CEO कार्तिक सत्यनारायण की अग्रिम जमानत याचिका पर जल्द सुनवाई का भरोसा दिया. याचिका में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश को भी चुनौती दी गई है. मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने हाल ही में कथित तौर पर सहयोग न करने का हवाला देते हुए कार्तिक को मिली अंतरिम सुरक्षा वापस ले ली थी. साथ ही कार्तिक को 21 सितंबर को स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के सामने पेश होने का निर्देश दिया था.
दरअसल, इन तेंदुओं की खाल आगरा में बरामद हुई थी. कार्तिक के वकील सिद्धार्थ दवे ने आज SC को बताया कि याचिकाकर्ताओं ने खुद तेंदुए की खाल बरामद करने में मदद की थी और वे सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन गिरफ्तारी से सुरक्षा चाहते हैं. CJI सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली बेंच इस मामले को इस हफ्ते लिस्ट करने पर सहमत हुई.
सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ दवे ने कहा कि हाई कोर्ट ने ‘वाइल्डलाइफ़ प्रोटेक्शन एक्ट’ के तहत दो याचिकाएं खारिज कर दी थी. हम एक NGO से हैं और हमने ही तेंदुए की खाल बरामद करवाई थी. अब राज्य सरकार ने हमें ही इसमें फंसा दिया है. सीजेआई सूर्यकांत ने पूछा कि क्या आप घर पर तेंदुए रखते थे? सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ दवे ने कहा कि नहीं. हमने आगरा में खाल बरामद करवाई थी.
बरामदगी उत्तर प्रदेश में हुई थी और बाद में यह मामला मध्य प्रदेश में उठाया गया. हम सहयोग करने और अधिकारियों के सामने पेश होने को तैयार हैं, लेकिन हमें सुरक्षा चाहिए. सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ दवे ने कहा कि अगर मुझे दूसरे मामले में गिरफ़्तार किया जा सकता है, तो एक मामले में सुरक्षा के साथ पेश होने का कोई फायदा नहीं है. मेरी बस यही गुज़ारिश है कि इस मामले को इसी हफ्ते अर्जेंट तौर पर लिस्ट किया जाए.



