सीतापुर में नाली के पानी को लेकर बवाल, दो पक्षों में मारपीट; पांच घायल, दोनों ओर से मुकदमा
सीतापुर के नहोइया गांव में नाली के पानी के निकास को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में पांच लोग घायल हुए। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र के नहोइया गांव में नाली के पानी के निकास को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने के आरोप लगाए हैं। घटना में पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। विवाद के बाद मंगलम पुलिस चौकी के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सड़क जाम करने का प्रयास किया गया।
नाली के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद
पहले पक्ष के लक्ष्मीचंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि कहासुनी के बाद कई लोग उनके घर में घुस आए और मारपीट की। उनके मुताबिक, हमले में वह, उनके भाई प्रमोद, पिता बाबूराम और भतीजे आर्यमान घायल हुए।
लक्ष्मीचंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि डायल-112 की मदद से पुलिस उन्हें थाने ले जा रही थी, तभी रास्ते में वाहन रुकवाकर दोबारा हमला करने की कोशिश की गई।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
दूसरे पक्ष के गोकरन ने आरोप लगाया कि उनकी तीन वर्षीय बेटी घर के सामने नाली के पास थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उन्होंने बचाव में आए परिजनों के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया।
घटना में घायल लोगों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस चौकी के बाहर जुटी भीड़, दोनों पक्षों पर केस
मारपीट के बाद आक्रोशित ग्रामीण मंगलम पुलिस चौकी के बाहर पहुंच गए। भीड़ ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया।
थानाध्यक्ष प्रिंस सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: पढ़ाई के लिए मिला मोबाइल, बदल गया बच्चे का व्यवहार; गोरखपुर में स्कूल तक पहुंचा मामला



