गोरखपुर में शुरू हुआ पोषण माह, सड़क पर उतरीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां; दिया बड़ा संदेश
गोरखपुर के कौड़ीराम में पोषण माह का शुभारंभ हुआ। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने रैली निकालकर संतुलित आहार, बच्चों के स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव का संदेश दिया।

गोरखपुर के कौड़ीराम में बुधवार को पोषण माह की शुरुआत जागरूकता के संदेश के साथ हुई। बाल विकास परियोजना कौड़ीराम के तत्वावधान में ब्लॉक संसाधन केंद्र के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं और किशोरियों के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य पर जोर दिया गया। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया।
रैली में दिया पौष्टिक आहार का संदेश
कार्यक्रम के बाद निकली पोषण जागरूकता रैली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और विभागीय कर्मियों ने लोगों को पौष्टिक भोजन अपनाने का संदेश दिया। बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने और कुपोषण से बचाव के लिए खान-पान को बेहतर बनाने की अपील की गई। रैली के जरिए पोषण को लेकर परिवारों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर रहा।
मेहंदी और रंगोली में दिखा पोषण संदेश
पोषण माह के शुभारंभ पर मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने इसमें उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रंगोली और मेहंदी के जरिए पौष्टिक भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव जैसे संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया।
बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस
अधिकारियों ने पोषण माह के दौरान ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पोषण संबंधी जानकारी पहुंचाने की अपील की। बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा किशोरियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में सीडीपीओ रचना पाण्डेय, सुनंदा सिंह समेत सुपरवाइजर और क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: दुकान बढ़ाने के नाम पर 1.31 करोड़! चेक बाउंस हुआ तो खुला पूरा मामला, सात पर केस



