दुकान बढ़ाने के नाम पर 1.31 करोड़! चेक बाउंस हुआ तो खुला पूरा मामला, सात पर केस

गोरखपुर के बेलीपार में दुकान विस्तार के नाम पर करीब 1.31 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगा है। चेक बाउंस और धमकी के मामले में कपड़ा कारोबारी समेत सात पर केस दर्ज हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर के बेलीपार में दुकान विस्तार के नाम पर अलग-अलग लोगों से करीब 1.31 करोड़ रुपये लेने का मामला सामने आया है। रकम वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने कपड़ा कारोबारी, उसकी मां, पत्नी, भाई और भतीजे समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे लेन-देन की जांच कर रही है।

चार लोगों से लिए गए 1.31 करोड़ रुपये

बिस्तौली खुर्द निवासी सत्यवान यादव ने तहरीर में आरोप लगाया कि बेलीपार बाजार स्थित शर्मा वस्त्रालय के संचालक चन्द्रकेश शर्मा और जीतेन्द्र शर्मा ने दुकान विस्तार के नाम पर अलग-अलग लोगों से बैंकिंग माध्यम से रकम ली। शिकायत के मुताबिक सत्यवान यादव से 35 लाख, जयप्रकाश पांडेय से 19.25 लाख, अंगद यादव से 64 लाख और नरेंद्र यादव से 12.75 लाख रुपये लिए गए।

चेक बाउंस होने के बाद बढ़ा विवाद

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लौटाने के लिए नौसड़ स्थित मकान बेचने या जमीन देने की बात कही गई थी। बाद में भुगतान के लिए दिए गए कुछ चेक बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। रकम मांगने के लिए घर पहुंचने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही चन्द्रकेश शर्मा के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने की बात तहरीर में कही गई है।

पुलिस खंगाल रही बैंकिंग रिकॉर्ड

एसएसपी के निर्देश पर बेलीपार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बैंक खातों, लेन-देन और चेक से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: कचरे को फेंकिए नहीं, कमाई का जरिया बनाइए! वर्मीकंपोस्टिंग से खुलेगा रोजगार का रास्ता

Related Articles

Back to top button