गोरखपुर के इस केंद्रीय विद्यालय में हिंदी को लेकर हुआ बड़ा निरीक्षण, पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ भी लॉन्च

गोरखपुर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में राजभाषा हिंदी के प्रयोग की समीक्षा हुई। उप निदेशक छबिल कुमार मेहेर ने निरीक्षण कर ‘अभिव्यक्ति’ पत्रिका का विमोचन किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में बुधवार को राजभाषा हिंदी के प्रयोग और उसकी प्रगति को लेकर निरीक्षण किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के राजभाषा विभाग (उत्तरी क्षेत्र-2) के उप निदेशक छबिल कुमार मेहेर ने विद्यालय पहुंचकर प्रशासनिक कामकाज से लेकर पत्राचार और शैक्षणिक गतिविधियों में हिंदी के इस्तेमाल की स्थिति देखी। इस दौरान विद्यालय की हिंदी पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ का भी विमोचन किया गया।

प्रशासनिक कामकाज में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उप निदेशक ने विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों, आधिकारिक पत्राचार और शैक्षणिक गतिविधियों में हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग की जानकारी ली। उन्होंने दैनिक कामकाज में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय, शिक्षकों और कार्यालय कर्मियों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

‘अभिव्यक्ति’ पत्रिका का हुआ विमोचन

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के राजभाषा विभाग की ओर से तैयार हिंदी पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ का विमोचन किया गया। उप निदेशक छबिल कुमार मेहेर ने कहा कि ऐसी पत्रिकाएं विद्यार्थियों और शिक्षकों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ हिंदी के प्रति उनकी रुचि को मजबूत करने में मदद करती हैं।

हिंदी को सरल और व्यावहारिक बनाने पर जोर

प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय ने उप निदेशक के प्रति आभार जताया और पत्रिका के सफल संपादन व श्रेष्ठ रचनाओं के संकलन के लिए राजभाषा विभाग की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार हिंदी के प्रयोग को सरल, सुगम और व्यावहारिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में प्रेम प्रसंग का खूनी अंत! महिला पर हंसिये से हमला, हाथ में गंभीर चोट

Related Articles

Back to top button