गोरखपुर में प्रेम प्रसंग का खूनी अंत! महिला पर हंसिये से हमला, हाथ में गंभीर चोट

गोरखपुर के गुलरिहा में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के बाद महिला पर हंसिये से हमला करने का आरोप लगा है। घायल महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दी, पुलिस जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर मंगलवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला पर धारदार हंसिये से हमला कर दिया गया। महिला के हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद बुधवार को पीड़िता थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दूसरे युवक के साथ देखकर भड़का विवाद

बताया जा रहा है कि महिला का पति मानसिक रूप से कमजोर है और पड़ोस के एक व्यक्ति से उसका कथित तौर पर कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार रात महिला को किसी अन्य युवक के साथ देखकर कथित प्रेमी नाराज हो गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने हंसिये से महिला पर हमला कर दिया।

हाथ में गंभीर चोट, गांव में मची अफरा-तफरी

हमले में महिला के हाथ में गंभीर चोट लगी। हाथ कटने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर होगी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

थाने पहुंची महिला, पुलिस ने शुरू की जांच

घायल महिला बुधवार को गुलरिहा थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: नौतनवा के श्याम मंदिर में स्वच्छता अभियान, बृजेश मणि त्रिपाठी ने संभाली कमान

Related Articles

Back to top button