सीतापुर में तालाब किनारे मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान; चचेरे भाई से विवाद की जांच
सीतापुर के सिधौली के मनिकापुर में तालाब किनारे 30 वर्षीय युवक संदीप का शव मिला। सिर पर चोट के निशान हैं। चचेरे भाई से विवाद की बात सामने आने पर पुलिस जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः सीतापुर के सिधौली कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह तालाब किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मनिकापुर गांव में कुंभी के बीच मिले शव के सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान बताए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तालाब किनारे कुंभी में मिला शव
मृतक की पहचान मनिकापुर गांव निवासी 30 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने सुबह तालाब किनारे कुंभी में शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली प्रभारी विजयेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सिधौली और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
शराब पीने के दौरान चचेरे भाई से विवाद
एएसपी दक्षिणी के मुताबिक, मंगलवार शाम संदीप और उसके चचेरे भाई गुड्डू के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। पुलिस इस विवाद के बाद की परिस्थितियों की जांच कर रही है। इसी आधार पर हत्या की आशंका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।
घर के बाहर मिली चारपाई, कई पहलुओं पर जांच
जांच के दौरान पुलिस को संदीप के घर के बाहर एक चारपाई भी मिली। घटना के समय वह घर पर अकेला था। उसकी मां रामदेवी हरदोई के मंझिगवां गांव गई थीं, जबकि भाई विवेक गुजरात में मजदूरी करता है। संदीप का करीब एक वर्ष पहले पत्नी से तलाक हुआ था और उनकी एक बेटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बांदा में वकीलों की हुंकार, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन



