गोरखपुर में घर में घुसे चार नकाबपोश, दो युवतियों को बंधक बनाकर एक घंटे तक लूटपाट
गोरखपुर के पीपीगंज में चार बदमाशों ने दो युवतियों को बंधक बनाकर 90 हजार रुपये और लाखों के जेवर लूट लिए। वारदात के बाद थाने से लौटते समय हादसे में तीन लोग घायल हुए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर दो युवतियों को बंधक बना लिया। हथियारों के बल पर करीब एक घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश 90 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर युवतियों से मारपीट भी की गई। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
टीनशेड तोड़कर छत से घर में दाखिल हुए बदमाश
रसूलपुर चकिया निवासी बलिराम सहानी रोजगार के सिलसिले में राजकोट में हैं, जबकि उनकी पत्नी भी उनके पास गई हुई हैं। घर पर उनकी बेटियां परमिला सहानी और रोशनी सहानी मौजूद थीं। पीड़िताओं के मुताबिक रात करीब 2:30 बजे चार बदमाश निर्माणाधीन मकान की ओर से छत पर पहुंचे और सीढ़ी के ऊपर लगे टीनशेड की दीवार तोड़कर घर में दाखिल हुए।
हथियार दिखाकर बंधक बनाया, नकदी-जेवर लूटे
आरोप है कि बदमाशों ने दोनों युवतियों को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी। एक बदमाश ने परमिला के मुंह पर तकिया रखकर हथियार तान दिया, जबकि दूसरे ने रोशनी के गले पर हंसिया लगा दी। इसके बाद ताले तोड़कर करीब 90 हजार रुपये और सोने-चांदी के कई आभूषण ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार दो जोड़ी पायल, दो पाजेब, दो मंगलसूत्र, छह बालियां समेत अन्य जेवर चोरी हुए हैं।
थाने से लौटते समय हादसा, महिला गंभीर
वारदात की सूचना देने थाने गई रोशनी अपने चचेरे भाई आकाश और चाची गीता के साथ लौट रही थी। गोलीगंज के पास बाइक गिट्टी पर चढ़कर अनियंत्रित हो गई। हादसे में रोशनी का हाथ फ्रैक्चर हुआ, जबकि गीता के सिर में गंभीर चोट लगी। आकाश को भी चोट आई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में फ्रेशर्स पार्टी का रंगारंग अंदाज, 7 छात्राएं बनीं ‘मिस फ्रेशर’, देखें किसे मिला खिताब



