80 साल की बुजुर्ग ने की पेड़ कटने की शिकायत, पुलिस ने उन्हें ही कर दिया पाबंद!
बरेली में पेड़ कटने की शिकायत करने वाली 80 वर्षीय रामा देवी को पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया। डीएम अविनाश सिंह ने सात सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: अपनी जमीन पर लगे पेड़ कटने की शिकायत लेकर थाने पहुंचीं 80 वर्षीय रामा देवी को अब खुद के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाब मांगना पड़ रहा है। छड़ी और व्हीलचेयर के सहारे चलने वाली बुजुर्ग महिला को पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में मुचलका पाबंद कर दिया। आरोप है कि जिस युवक के खिलाफ उन्होंने शिकायत की थी, उसके खिलाफ भी यही कार्रवाई की गई। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सात सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
पेड़ कटने की शिकायत लेकर पहुंचीं थीं थाने
मामला बरेली के देवरनियां थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव का है। रामा देवी के पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है। बुजुर्ग महिला के मुताबिक, उनकी जमीन पर लगे पेड़ों को काटकर बेच दिया गया था। इसी मामले में वह संबंधित युवक के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं। उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस उनकी शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को शांतिभंग की आशंका में मुचलका पाबंद कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
इस मामले में सवाल उठ रहे हैं कि पेड़ कटने की शिकायत करने वाली 80 वर्षीय महिला को शांतिभंग की आशंका में पाबंद करने का आधार क्या था। क्या पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद यह कदम उठाया था? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
डीएम ने सात सदस्यीय कमेटी से मांगी जांच रिपोर्ट
पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट रामा देवी जिलाधिकारी अविनाश सिंह के पास पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सात सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। कमेटी को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट सौंपनी है। जिलाधिकारी के मुताबिक, रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब जांच से स्पष्ट होगा कि बुजुर्ग महिला के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई किन तथ्यों और परिस्थितियों में की गई थी।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
सीतापुर में बवाल के दौरान सिपाही पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी गिरफ्तार



