जर्मनी में आग का तांडव, इमारत में फंसे तीन भारतीयों की मौत
जर्मन पब्लिक ब्रॉडकास्टर WDR ने पुलिस के हवाले से बताया कि आग में जान गंवाने वालों में 25 और 27 साल की दो महिलाएं और 26 साल का एक पुरुष शामिल है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जर्मनी के बोचुम शहर में एक रिहायशी इमारत में आग लगने से तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना मंगलवार सुबह बोचुम के हॉफस्टेड इलाके में हुई, जहां एक आवासीय इमारत में अचानक आग लग गई। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। तीनों की उम्र 25 से 27 साल के बीच बताई गई है।
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन भारतीय नागरिकों की जान जाने की खबर से भारतीय समुदाय में भी चिंता और शोक का माहौल है। फिलहाल, आग लगने के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
जर्मनी के बोचुम शहर में कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, आग मंगलवार सुबह बोचुम शहर के हॉफस्टेड इलाके में स्थित एक रिहायशी इमारत में लगी थी। आग लगने के बाद वहां रहने वाले लोगों के बीच हड़कंप मच गया। इस घटना में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हालांकि, आग इमारत के किस हिस्से में सबसे पहले लगी और देखते ही देखते उसने कितना विकराल रूप ले लिया, इस बारे में विस्तृत जानकारी की पुष्टि होना अभी बाकी है। घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
जर्मन मीडिया के मुताबिक, इस मामले में उसी इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को मामले में गिरफ्तार किया गया है. जांच अधिकारियों को शक है कि आग जानबूझकर लगाई गई है. हालांकि, आग लगने की असली वजह का अभी पता नहीं चला है.
मृतकों में 2 महिलाएं और एक पुरुष शामिल
जर्मन पब्लिक ब्रॉडकास्टर WDR ने पुलिस के हवाले से बताया कि आग में जान गंवाने वालों में 25 और 27 साल की दो महिलाएं और 26 साल का एक पुरुष शामिल है. तीनों भारतीय नागरिक थे. घटना में घायल हुए 5 लोगों को दम घुटने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया.
हत्या के शक में रोमानियाई नागरिक गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है. वह भी उसी इमारत में रहता था, जहां आग लगी थी. पुलिस की हत्या से जुड़े मामलों की जांच करने वाली टीम उससे पूछताछ कर रही है. जांच अधिकारियों ने तकनीकी खराबी से आग लगने की आशंका को खारिज किया है. उन्हें शक है कि आग जानबूझकर लगाई गई थी. हालांकि, अभी यह साबित नहीं हुआ है कि आग किसी ने जानबूझकर लगाई थी. मामले की जांच जारी है.
सुबह करीब 4:15 बजे लगी थी आग
मंगलवार सुबह स्थानीय समय करीब 4:15 बजे आपातकालीन सेवाओं को आग लगने की सूचना मिली. आग बोचुम के हॉफस्टेड जिले में कई परिवारों के रहने वाली एक इमारत में लगी थी. दमकलकर्मी जब मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी. सीढ़ियों पर धुआं और तेज लपटें होने के कारण राहतकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में मुश्किल हुई.
दमकलकर्मियों ने कई लोगों की जान बचाई
दमकलकर्मियों ने कम से कम 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. दो लोगों को ऊंचाई तक पहुंचने वाली दमकल की सीढ़ी से, दो को पोर्टेबल सीढ़ियों की मदद से बचाया गया. वहीं, एक व्यक्ति को सुरक्षा गद्दे पर कूदकर बाहर आने में मदद की गई. दमकलकर्मियों को इमारत की दूसरी मंजिल पर एक अपार्टमेंट में तीन भारतीय नागरिक मृत मिले. धुएं के कारण घायल हुए पांच लोगों को बोचुम के अस्पतालों में ले जाया गया.



