पति की हत्या पर कोर्ट सख्त, रविता-अमरदीप को फांसी की सजा
मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में कोर्ट ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में कोर्ट ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई है.
दोनों पर अमित की गला घोंटकर हत्या करने और फिर इसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की साजिश रचने का आरोप था. ADJ-12 की अदालत ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए दोनों को मौत की सजा सुनाई. फैसला सुनाते हुए जज ने कहा कि पति की हत्या करना धर्म की हत्या के समान है.
वहीं, सजा सुनाए जाने से पहले जब अदालत ने दोनों से उनकी इच्छा पूछी तो रविता ने अपने तीन छोटे बच्चों की देखभाल की गुहार लगाई. अमरदीप ने भी अपने बुजुर्ग माता-पिता का ख्याल रखने की अपील की. दोनों अदालत में रो पड़े.
जज ने क्यों कहा- पति की हत्या करना धर्म की हत्या?
अमित कश्यप हत्याकांड में फैसला सुनाते हुए ADJ-12 की अदालत ने हत्या की गंभीरता पर टिप्पणी की. जज जयवीर सिंह नागर ने कहा कि पति को परमेश्वर माना जाता है और पति की हत्या करना धर्म की हत्या के समान है.
अदालत ने इस मामले को बेहद क्रूर हत्याकांड माना, जिसमें हत्या करने के बाद उसे दूसरी वजह से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई.
अदालत ने रविता और अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई. इस मामले में अभियोजन पक्ष ने दोनों के खिलाफ हत्या की साजिश रचने और सबूतों के आधार पर अपराध को साबित करने की दलीलें पेश की थीं. अदालत का फैसला आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
सजा से पहले अदालत ने दोनों से पूछा सवाल
फांसी की सजा सुनाने से पहले अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रविता और अमरदीप का पक्ष सुना. जज ने दोनों से पूछा कि वे क्या सजा चाहते हैं? इस दौरान रविता ने अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों का हवाला देते हुए उनकी देखभाल किए जाने की गुहार लगाई.
वहीं, अमरदीप ने अपने बूढ़े माता-पिता की जिम्मेदारी का जिक्र करते हुए उनके लिए गुहार लगाई. सजा की सुनवाई के दौरान दोनों भावुक हो गए और अदालत में रो पड़े. हालांकि, अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को मौत की सजा सुनाई.
पति की हत्या कर सांप के काटने की कहानी रची
पुलिस जांच और अभियोजन पक्ष के मुताबिक, रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप की हत्या की साजिश रची थी. आरोप था कि दोनों ने अमित की गला घोंटकर हत्या की और फिर उसकी मौत को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की.
जांच के अनुसार, अमित के सो जाने के बाद अमरदीप घर पहुंचा था. आरोप है कि रविता ने अमित के हाथ पकड़ लिए, जबकि अमरदीप ने उसका गला दबा दिया. मुंह और नाक दबने के कारण अमित की दम घुटने से मौत हो गई.
इसके बाद हत्या को छिपाने के लिए शव के पास सांप छोड़ने की साजिश रचे जाने की बात सामने आई. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, अमरदीप ने एक सपेरे से 1,000 रुपए में सांप खरीदा था. इसका मकसद यह दिखाना था कि अमित की मौत सांप के काटने से हुई है.
बिस्तर पर मिला था अमित का शव
अगली सुबह अमित का शव बिस्तर पर मिला. उसके शरीर पर सांप के काटने जैसे निशान थे और पास में एक जीवित सांप भी मौजूद था. शुरुआत में मौत की वजह सांप का काटना समझी गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की बात सामने आई.
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान सांप के दांतों को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई. सपेरों ने बताया कि सांप के दांत नहीं थे, ऐसे में उसके काटने से अमित की मौत होने की बात पर सवाल उठे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा किया.



