टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, CCTV से रूट तक इन 5 सवालों पर फोकस
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले ने पुलिस और जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले ने पुलिस और जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है।
जुहू के पुष्पा पार्क स्थित फुटबॉल मैदान के सामने हुई गोलीबारी के मामले में कई अहम जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है। इस मामले में ऋतिक, रिहान और फूल सिंह नाम के तीन आरोपियों को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पुलिस इस घटना के पीछे की वजह और आरोपियों के संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित ने कथित तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की सच्चाई और घटना में उसकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जुहू में कहां हुई फायरिंग?
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की यह घटना मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क स्थित फुटबॉल मैदान के सामने हुई। इस घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि गोलीबारी किस वजह से की गई और इसमें शामिल लोगों की भूमिका क्या थी।
पुलिस के लिए यह जानना भी जरूरी है कि घटना को अंजाम देने के पीछे किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने की मंशा थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
वसई पहुंचने के बाद तीनों ने कथित तौर पर टैक्सी ली और सूरत की ओर रवाना हो गए. सूरत रेलवे स्टेशन से उन्होंने पुणे-जयपुर ट्रेन पकड़ी. जांच एजेंसियों को आशंका है कि उनका इरादा जयपुर पहुंचने के बाद नेपाल के रास्ते विदेश भागने का था.
CCTV और टेक्निकल सर्विलांस से मिला सुराग
मुंबई पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए बड़े स्तर पर तकनीकी जांच की. इसके तहत CCTV फुटेज, डंप कॉल डेटा, टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों से मिली जानकारी का इस्तेमाल किया गया. मुंबई पुलिस ने गुजरात और राजस्थान पुलिस के साथ आरोपियों की जानकारी साझा की. बताया जा रहा है कि ट्रेन, आरोपियों की पहचान और उनकी लोकेशन से जुड़े इनपुट संबंधित पुलिस टीमों को दिए गए. इसके बाद राजस्थान पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोटा में पकड़ लिया।
कोटा से मुंबई लाने और कोर्ट में पेश करने की तैयारी
पुलिस की योजना के मुताबिक, तीनों आरोपियों को कोटा से मुंबई लाकर आगे की पूछताछ की जानी है. उन्हें मुंबई की अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत मांगे जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस पूछताछ में हमले की साजिश, आरोपियों के संपर्कों, आर्थिक मदद और हथियारों से जुड़े सवालों पर ध्यान दिए जाने की संभावना है. अदालत में पेशी और रिमांड की अंतिम स्थिति आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगी.
गिल्बर्ट हिल की संकरी गली में किराये पर रहता था ऋतिक
जांच का एक अहम सिरा अंधेरी वेस्ट के गिल्बर्ट हिल इलाके तक पहुंचा है. मिली जानकारी के मुताबिक, ऋतिक जुहू गली की एक संकरी बस्ती में छोटे से किराये के मकान में रहता था. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह करीब चार से पांच महीने तक यहां रहा.
बताया जा रहा है कि ऋतिक बैटरी से चलने वाली बाइक पर रैपिडो का काम करता था. इलाके में उसे लंबे बाल रखने वाले युवक के तौर पर पहचाना जाता था। उसके साथ दो अन्य युवकों के रहने की भी जानकारी मिली है. अब पुलिस यह पता लगा रही है कि वे दोनों युवक रिहान और फूल सिंह ही थे या कोई अन्य लोग थे. इस सिलसिले में मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इलाके में जांच और पूछताछ कर रही हैं.
बाइक किससे खरीदी, कितने रुपये दिए?
फायरिंग में इस्तेमाल पीले रंग की पल्सर बाइक के मालिकाना हक की कड़ियां भी पुलिस ने खंगाली हैं. बाइक के पूर्व मालिकों से पूछताछ की गई है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बाइक आरोपियों तक कैसे पहुंची और खरीद के लिए पैसे किसने उपलब्ध कराए. इसके साथ ही आरोपियों के बैंक खातों और नकदी से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है. मुंबई क्राइम ब्रांच अब तक 100 से ज्यादा CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच कर रही है.
बड़ा सवाल: दोनों पिस्टल कहां हैं?
इस मामले में अब तक की जांच के बावजूद सबसे अहम सवाल हमले में इस्तेमाल हथियारों को लेकर है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल कहां छिपाई गईं या फेंकी गईं. हथियारों में कितने कारतूस बचे हैं और आरोपियों ने भागते समय उन्हें कहां ठिकाने लगाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
हथियारों की बरामदगी से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए असलहे, कारतूस और घटना से जुड़े अन्य फॉरेंसिक सबूतों की जांच में मदद मिल सकती है.
जांच के पांच बड़े सवाल
क्या टाइगर श्रॉफ पर हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका थी?
क्या रिहान और फूल सिंह भी ऋतिक के साथ गिल्बर्ट हिल में रहते थे?
हमले के लिए आरोपियों को किसने पैसे और हथियार उपलब्ध कराए?
क्या तीनों ने फायरिंग से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों की रेकी की थी?
फायरिंग में इस्तेमाल दोनों पिस्टल कहां हैं और उन्हें किसने ठिकाने लगाया?



