सीतापुर में बड़ा हादसा: तालाब में डूबी कार, तीन कारोबारियों की दर्दनाक मौत
Sitapur Accident: सीतापुर के पंचपीर गांव में कार तालाब में गिरने से तीन कारोबारियों की मौत हो गई। कई घंटे के रेस्क्यू के बाद शव मिले, जबकि CCTV फुटेज से कार का सुराग मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: एक बेटे को हादसे के बाद देखने और उसे घर लाने निकले पिता को क्या पता था कि यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा। सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में पंचपीर गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन कारोबारियों की मौत हो गई। कई घंटे की तलाश और रेस्क्यू अभियान के बाद कार से तीनों के शव बरामद किए गए।
बहराइच से लौटते समय तालाब में गिरी कार
मृतकों की पहचान सिधौली के नरोत्तम नगर निवासी राकेश चौरसिया (50), सतीश निर्मल (40) और रामेंद्र सिंह (62) के रूप में हुई है। तीनों कारोबारी होने के साथ आपस में दोस्त भी थे। सीओ सिधौली वीके श्रीवास्तव के मुताबिक, राकेश के बेटे मोहन का रविवार को बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। उसे देखने और घर लाने के लिए राकेश अपने दोनों दोस्तों के साथ गए थे। बेटा तो दोस्त के साथ घर लौट आया, लेकिन तीनों कारोबारी वापस नहीं पहुंचे।
CCTV फुटेज से मिला कार का सुराग
तीनों से संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने तलाश की और सिधौली कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने फोन लोकेशन खंगालने के बाद सिधौली से बहराइच जाने वाले मार्ग के सीसीटीवी फुटेज देखे। कंदुनी फैक्ट्री के कैमरे से कार की आवाजाही का सुराग मिला। इसके बाद पंचपीर गांव के पास तालाब में कार दिखाई दी। पुलिस और एसडीआरएफ ने क्रेन की मदद से कार बाहर निकलवाई। आगे की सीटों पर दो और पीछे की सीट पर एक शव मिला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सड़क किनारे रेलिंग नहीं, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
जिस तालाब में कार मिली, उसके आसपास बाउंड्रीवॉल नहीं थी। बारिश के कारण तालाब में पानी भी अधिक था और सड़क किनारे रेलिंग नहीं थी। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। सतीश निर्मल की कॉस्मेटिक की दुकान थी और उनके परिवार में एक बेटा व एक बेटी हैं। राकेश चौरसिया पान-मसाले की दुकान चलाते थे, जबकि रामेंद्र सिंह की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान थी। तीनों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन, नारी शक्ति और राष्ट्र रक्षा पर दिया जोर



