करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलवाए केंद्र

- पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव पारित, सीएम मान की केंद्र से हस्तक्षेप की अपील
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चंडीगढ़ । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने और इसे लगातार चालू रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए और सिख संगत को पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब में नतमस्तक होने के लिए निर्बाध सुविधा मिलनी चाहिए। इस संबंध में पंजाब विधानसभा ने केंद्र सरकार से कॉरिडोर खोलने की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया। विधानसभा में इस मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रति संगत की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए।
धार्मिक मामलों में संकीर्ण राजनीतिक विचारों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर को दोबारा खोलने से श्रद्धालु अपनी आध्यात्मिक इच्छाओं को पूरा कर सकेंगे और ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब के दर्शन कर पाएंगे। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की ओर से पेश प्रस्ताव में केंद्र सरकार से कॉरिडोर को फिर से खोलने और इसे लगातार चालू रखने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की गई। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि केंद्र सरकार पाकिस्तान के साथ बातचीत करे, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित हो सके। प्रस्ताव के अनुसार, करतारपुर साहिब कॉरिडोर केवल भारत और पाकिस्तान के बीच आने-जाने का मार्ग नहीं है, बल्कि यह सिख समुदाय की धार्मिक आस्था, विरासत और मानवीय संबंधों से जुड़ा हुआ है। कॉरिडोर पर पाबंदियों और प्रक्रियागत रुकावटों के कारण दुनिया भर में बसे सिख श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित होती हैं।वहीं हाकी प्रतियोगिता के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक से लेकर 2024 के पेरिस ओलंपिक तक पंजाब ने देश को 77 हॉकी ओलंपियन दिए हैं। इनमें से 48 खिलाडिय़ों ने ओलंपिक पदक जीते हैं।



