सीतापुर के 8 स्कूलों में BSA का छापा, गंदगी और गैरहाजिरी पर कार्रवाई
बीएसए के औचक निरीक्षण में आठ स्कूलों में गंदगी, पानी की कमी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति मिली। कई को नोटिस और एक प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर के परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई के साथ साफ-सफाई और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर लापरवाही सामने आई है। बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) के औचक निरीक्षण में कहीं परिसर में झाड़ियां मिलीं, तो कहीं हैंडवॉश में पानी तक नहीं था। कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के बाद बीएसए ने नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
आठ स्कूलों में निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
बीएसए ने गोंदलामऊ और मछरेहटा विकासखंड के आठ परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय पुरैनी में गंदगी मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक हरदीप वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कंपोजिट विद्यालय अनोगी गढ़ी में सफाई की कमी पर प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार को नोटिस देने को कहा गया। कंपोजिट विद्यालय कुचलाई के परिसर में झाड़ियां उगी मिलने पर प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं, प्राथमिक विद्यालय गोपौली में गंदगी, कक्ष के बाहर कूड़े का ढेर और मल्टीपल हैंडवॉश में पानी की आपूर्ति नहीं होने की समस्या सामने आई।
हस्ताक्षर के बाद गायब मिले कर्मचारी, कई को नोटिस
निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय अनोगी गढ़ी में शिक्षामित्र समीक्षा सिंह के उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद चले जाने का मामला सामने आया। समीक्षा सिंह और शिक्षामित्र प्रदीप अनोगी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एफटीटी नेहा लोधी, उपासना गौतम और रसोइया उषा देवी व पूनम शुक्ला अनुपस्थित मिलीं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मावली में अनुदेशक वेदिका भी अनुपस्थित थीं। इन सभी के संबंध में नोटिस जारी करने को कहा गया।
एक सप्ताह में सुधार के निर्देश, शिक्षामित्र का वेतन भी रुकेगा
प्राथमिक विद्यालय जरीगवां प्रथम में शिक्षामित्र कुसुमा देवी के समय से पहले विद्यालय छोड़ने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय गोपौली के प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष मिश्रा भी अनुपस्थित मिले। बीएसए ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने और एक सप्ताह के भीतर सुधार की रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अब संबंधित विद्यालयों में व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है, इस पर नजर रहेगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: Bareilly News: 3 दिन तक क्यों छिपी रही सचिन के फरार होने की बात? मुठभेड़ में गिरफ्तारी



