आशुतोष दीक्षित बने वायुसेना के नए चीफ, ‘VAYU’ के मंत्र से आगे बढ़ेगी भारतीय वायुसेना

भारतीय वायुसेना को नया प्रमुख मिल गया है। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारतीय वायुसेना को नया प्रमुख मिल गया है। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है।

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने देश की सुरक्षा, वायुसेना की ताकत बढ़ाने और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया। उनके नेतृत्व में भारतीय वायुसेना की युद्धक क्षमता को और मजबूत बनाने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और स्वदेशी रक्षा उपकरणों पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।

नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नए वायुसेना प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सबसे पहले नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उन सभी बहादुर सैनिकों के बलिदान को याद किया, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। नेशनल वॉर मेमोरियल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्होंने भारतीय सेना के जवानों के साहस, समर्पण और देशभक्ति को नमन किया।

‘VAYU’ होगा वायुसेना का नया मंत्र

वायुसेना प्रमुख ने अपनी प्राथमिकताओं को VAYU नाम दिया है.

#V Vigilance & Readiness: हर समय सतर्कता और युद्ध के लिए तैयार रहना. हर स्क्वाड्रन, रडार, एयर डिफेंस यूनिट और एयर वॉरियर को तत्काल प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखना.

#A आत्मनिर्भरता: तेजस Mk-1A, तेजस Mk-2, AMCA, स्वदेशी सेंसर और हथियारों को प्राथमिकता देना. भारतीय तकनीक से युद्ध क्षमता मजबूत करना.

#Y युक्ति (Innovation): नई तकनीक, AI आधारित कमांड सिस्टम, ड्रोन रोधी सुरक्षा, बेहतर रखरखाव और अंतरिक्ष आधारित क्षमताओं को विकसित करना.

#U Unity of Effort: थलसेना, नौसेना और अन्य राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त सैन्य रणनीति और ऑपरेशन को मजबूत करना.

युद्ध की बदलती चुनौतियों पर नजर

एयर चीफ मार्शल ने कहा कि ड्रोन, लंबी दूरी के सटीक हथियार, साइबर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष जैसी तकनीकें युद्ध के स्वरूप को तेजी से बदल रही हैं. ऐसे में भारतीय वायुसेना को को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा. उन्होंने वायुसेना के लड़ाकू स्क्वाड्रन की ताकत बढ़ाने को भी अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया.

वायु योद्धाओं और उनके परिवारों पर विशेष ध्यान

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि एयर वॉरियर्स, अग्निवीरवायु, नागरिक कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों का कल्याण उनकी प्राथमिकता रहेगा. प्रशिक्षण, मनोबल, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

उन्होंने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि भारतीय वायुसेना सतर्क, तैयार और संकल्पबद्ध हैं. देश की जरूरत के समय वायुसेना हर चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार रहेगी. नभः स्पृशं दीप्तम् — आकाश को छूने वाली तेजस्विता.

इलेक्ट्रिक गाड़ी से गार्ड ऑफ ऑनर के लिए पहुंचे नए वायुसेना प्रमुख

भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित ने आज एक खास अंदाज में सबका ध्यान खींचा. पारंपरिक काफिले से अलग, वे गार्ड ऑफ ऑनर समारोह में इलेक्ट्रिक वाहन से पहुंचे. उनका यह कदम पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक पॉजिटिव संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.

Related Articles

Back to top button