रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली से सरकार की उड़ी नींद
तिलमिलाई बीजेपी बोली- कारोबारियों को करोड़ो नुकसान किया और रैली में एआई से दिखाई भीड़ फ्लाप रही महा रैली

भाजपा ने साधा राहुल व प्रियंका पर निशाना
कांग्रेस बोली -सरकार ने रैली को बदनाम करने की साजिश की
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। रविवार को नईदिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में जुटी अपार भीड़ से जहंा कांग्रेस व विपक्ष के अन्य दल गदगद हैं। वहीं भाजपा ने इस रैली को फ्लाप बताना शुरू कर दिया है। इसके लिए भाजपा ने भीड़ को एआई से बनाया बताया है। वहीं रैली के कारण दिल्ली के व्यापार के नुकसान केदावे पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन की महारैली के दौरान दिल्ली के बाजारों में कारोबार सामान्य रहा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को नुकसान होने का भाजपा का दुष्प्रचार पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। पार्टी के अनुसार देश भर से आए लोगों ने राहुल गांधी की अपील पर स्थानीय दुकानों और रेहड़ी-पटरी वालों से जमकर खरीदारी की।
इसके अलावा छोटे-छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों से भी लोगों ने जमकर सामान खरीदा। अखबारों की रिपोर्ट खुद इस दुष्प्रचार की पोल खोल रही है।’’ रमेश ने कहा, ‘‘दिल्ली के व्यापारियों, दुकानदारों और उन तमाम नागरिकों का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने इस अपील को अपनाया और लोकतांत्रिक विरोध के साथ स्थानीय कारोबार का भी साथ दिया।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा को समझना चाहिए कि लोकतंत्र की आवाज़ को न डर से दबाया जा सकता है, न दुष्प्रचार से। उन्होंने कहा, ‘‘झांसामंत्री और भाजपा को समझ लेना चाहिए कि देश की जनता उनकी इन हरकतों को पिछले 12 सालों से देख रही है और अब उनके किसी झांसे में नहीं आने वाली है।

महारैली में शामिल होने से हतोत्साहित करने की कोशिश नाकाम
‘इंडिया’ गठबंधन की महारैली को बदनाम करने और लोगों को दिल्ली आने से रोकने के लिए व्यापारियों के नुकसान और बाजार बंद होने का डर फैलाया गया। हर कोई समझ सकता था कि जब देश भर से लोग आएंगे तो वे खरीददारी भी करेंगे। दिल्ली में काम करने वाले हर कारोबारी को परोक्ष या अपरोक्ष रूप से फायदा होगा। उन्होंने कहा, भाजपा द्वारा गढ़े गए इस झूठे और तर्कहीन दुष्प्रचार का मकसद साफ था, ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए वोट चोरी और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही के असली मुद्दे से देश का ध्यान भटकाना और लोगों को महारैली में शामिल होने से हतोत्साहित करना।लेकिन हुआ इसका बिल्कुल उलट। दिल्ली की जनता और देशभर से आए लोगों ने इस दुष्प्रचार का जवाब अपने तरीके से दिया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी की अपील पर लोगों ने दिल्ली के बाजारों में खरीदारी की। पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों में दुकानें खुलीं और कारोबार जमकर हुआ।
कारोबारियों को नुकसान होने का ‘झांसामंत्री’ का दुष्प्रचार ध्वस्त : जयराम
दो नवंबर कांग्रेस ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली के कारण कारोबारियों को नुकसान होने का ‘झांसामंत्री’ का दुष्प्रचार ध्वस्त हो गया है और दिल्ली के बाजारों में कारोबार सामान्य रूप से जारी रहा। कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक मीडिया रिपोर्ट साझा की, जिसमें दावा किया गया है कि दिल्ली में सभी बाजारों में दुकानें खुली रहीं और राजनीतिक गतिविधियों के कारण कारोबार प्रभावित होने की आशंका निर्मूल साबित हुई। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा का पूरा दुष्प्रचार ध्वस्त हो गया।
भीड़ दिखाने के लिए एआई से फोटो डाली : किरेन रिजिजू
भारतीय जनता पार्टी के नेता किरेन रिजिजू ने इस रैली को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कस दिया. कांग्रेस ने रैली की एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है। रिजिजू ने दावा किया कि कांग्रेस ने भीड़ दिखाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया है। किरेन रिजिजू ने रविवार (1 नवंबर) को एक्स पर फोटो शेयर की. उन्होंने कैप्शन में लिखा, रामलीला मैदान में भारी भीड़ दिखाने के लिए, कांग्रेस पार्टी को कम से कम एआई से बनी तस्वीर तो ठीक से तैयार करनी चाहिए थी कांग्रेस पार्टी की फर्जी नरेटिव टीम से तो रामलीला मैदान को भरा हुआ दिखाने के लिए एआई से फोटो भी ठीक से नहीं बनाई गई। भारतीय जनता पार्टी ने रैली को लेकर तंज तो कसा ही, साथ ही यह भी दावा किया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच मतभेद हो गए हैं. पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि प्रियंका गांधी को रैली में बोलने नहीं दिया गया।
कुशीनगर में ओमनी वैन और ट्रेलर ट्रक की भीषण टक्कर
एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत 6 की मौत
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। कुशीनगर जिले में एक खौफनाक और दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे 28 पर एक तेज रफ्तार ओमनी वैन और ट्रेलर ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में वैन सवार कम से कम 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के 5 लोग शामिल थे, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य व घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। वैन में 8 लोग सवार थे। ट्रेलर से टकराने के बाद 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 2 घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतकों में एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल थे, जो कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि यह परिवार किसी रिश्तेदार के घर एक कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर क्षतिग्रस्त गाड़ी से शवों को बाहर निकाला।
सडक़ निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई मशीन, आठ मजदूर मरे
झुंझुनूं। झुंझुनूं जिले के छापोली में सडक़ निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कदम कुंड की ओर जाने वाली सडक़ बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में आठ मजदूरों की मौत की सूचना सामने आई है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं और प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सडक़ का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गई। मशीन के बिजली लाइन की चपेट में आने से वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए। शुरुआती सूचना के मुताबिक, हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, तीन-चार मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार है।
आजम खां गिरफ्तारी के खिलाफ पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
अदालत सुनवाई पर सहमत, ईडी ने जेल से निकलते किया था अरेस्ट
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने मनी लॉन्ड्रिंग के नए मामले में अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को आजम खान के वकील निजाम पाशा द्वारा तत्काल सुनवाई के लिए किए गए अनुरोध पर संज्ञान लेते हुए कहा कि याचिका इस सप्ताह सूचीबद्ध की जाएगी।
वकील निजाम पाशा ने सुप्रीम कोर्ट में उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान की याचिका का जिक्र किया। इस याचिका में 29 अक्टूबर को डुअल पैन कार्ड मामले में जेल से रिहा होने के 40 मिनट बाद ही श्वष्ठ द्वारा की गई उनकी गिरफ़्तारी को चुनौती दी गई है। आजम खान ने 1 नवंबर के उस विशेष अदालत के आदेश को भी रद्द करने की मांग की है, जिसके तहत उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। साथ ही, उन्होंने इस दौरान हिरासत से रिहाई की भी अपील की है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत इस याचिका को इसी हफ़्ते सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमत हो गए हैं।
लालू से मिलीं सोनिया गांधी
मीसा भारती के दिल्ली आवास पर मुलाकात
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल के चीफ लालू यादव से मुलाकात करने सोमवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी पहुंचीं। दोनों के बीच ये मुलाकात लोकसभा सांसद और लालू यादव की बेटी मीसा भारती के दिल्ली आवास पर हुई। लालू परिवार की तरफ से इस मुलाकात को सामान्य बताते हुए कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी लालू का हालचाल जानने पहुंची थीं, लेकिन इस मीटिंग के कई सियासी मायने भी हैं।
विपक्ष के इंडिया ब्लॉक ने इस समय चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। ऐसे में सोनिया गांधी की लालू से मुलाकात को इंडिया ब्लॉक की एकजुटता के रूप में भी देखा जा रहा है। सोनिया गांधी और लालू यादव के सियासी संबंध पुराने दौर से ही अच्छे रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के नेतृत्व में चुनाव आयोग के खिलाफ चल रही मुहिम को और बल मिल सकता है। सोनिया गांधी और लालू प्रसाद यादव की मुलाकात पर बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा,लालू जी अपने रूटीन मेडिकल चेक-अप के लिए दिल्ली आए थे। कल मेरी भी सोनिया जी से मुलाकात हुई थी, जिस दौरान हमने उन्हें इस बारे में बताया। उन्होंने खुद लालू जी से मिलने की इच्छा जताई, इसलिए आज वे उनसे मिलने आईं। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि लालू जी और सोनिया जी के बीच शुरू से ही अच्छे संबंध रहे हैं।
मुश्किल समय में भी वे एक-दूसरे के साथ खड़े रहे और एक-दूसरे का समर्थन किया। हमारे परिवार और गांधी परिवार के बीच भी लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं। आज की मुलाकात का मकसद लालू जी और उनके स्वास्थ्य के बारे में हाल-चाल जानना था। वे दोनों काफी समय से नहीं मिले थे, इसलिए आज उनकी मुलाकात हुई।


