बदायूं में जमीन के विवाद ने लिया खूनी रूप! बच्ची समेत 4 पर फावड़े-चाकू से हमला

बदायूं के सुजानपुर गांव में जमीन की ठियाबंदी के बाद खेत जोतने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। फावड़े, चाकू और भाले से हमले में बच्ची समेत चार लोग घायल हुए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:   बदायूं में जमीन का विवाद एक बार फिर हिंसक संघर्ष में बदल गया। जिस खेत की पैमाइश और ठियाबंदी कराने के लिए प्रशासनिक टीम गांव पहुंची थी, उसी जमीन पर जुताई के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि प्रशासनिक टीम के लौटते ही एक पक्ष के लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस घटना में एक बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रशासन ने कराई थी जमीन की ठियाबंदी

मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के सुजानपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, जमीनी विवाद को लेकर एसडीएम बिसौली के आदेश पर सोमवार को नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल गांव पहुंचा था। टीम ने विवादित जमीन की ठियाबंदी कर खेत में ठिया लगा दिए थे। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने अपने खेत की जुताई कर दी।

टीम के लौटते ही मारपीट और हमले का आरोप

आरोप है कि प्रशासनिक टीम के वापस जाने के बाद पीड़ित पक्ष के लोग घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने उन्हें घेर लिया और फावड़े, चाकू व भाले से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

CHC बिसौली में घायलों का इलाज जारी

हमले के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिसौली में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर नजर रहेगी। सवाल यह भी है कि प्रशासनिक स्तर पर ठियाबंदी होने के बावजूद जमीन का विवाद हिंसक संघर्ष तक कैसे पहुंच गया।

रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: उन्नाव: सरकारी जमीन पर चल रही थी खुदाई! 4PM की खबर के बाद हरकत में आई पुलिस

Related Articles

Back to top button