भाजपा ने शराब की दुकानें खोलकर गलत किया : केजरीवाल

- शराब पीकर लोग हुड़दंग न करें इसलिए रहती थी बंदी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह रंगों का त्यौहार होली सबके जीवन में खूब सारे खुशियों के रंग लेकर आए, सबके परिवार को सारी खुशियां दे और सबको बहुत-बहुत खुश रखे। आम आदमी पार्टी और उसके पूरे नेतृत्व के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया गया था और एक षड्यंत्र रचा गया था। अब कोर्ट से यह साबित हो गया है कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है और पार्टी के सभी नेता कट्टर ईमानदार हैं।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि भाजपा ने होली के मौके पर भी पूरी दिल्ली के अंदर शराब की दुकानें खोली हुई हैं। वर्षों से त्योहारों के अवसर पर शराब की दुकानें बंद हुआ करती थीं, ताकि शराब पीकर लोग हुड़दंग ना करें। आज होली के मौके पर जब कई वर्षों से दुकानें बंद रहा करती थीं, ऐसे में भाजपा सरकार ने शराब की दुकानें खोलकर बहुत गलत किया है। अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर दिल्ली समेत सभी देशवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार आपके जीवन में खुशियां, प्रेम और नई ऊर्जा भर दे। आप सभी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भर जाए। उनकी साजिशों और झूठ के बीच भी आम आदमी पार्टी के रंग फीके नहीं पड़े हैं, क्योंकि हमारी ताकत है ईमानदारी और जनता का भरोसा।



