मीरजापुर में पेयजल संकट गहराया, हैंडपंप खराब और जल जीवन मिशन के कनेक्शन अधूरे, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मीरजापुर के जमालपुर क्षेत्र के मनऊर पुरब पट्टी गांव में हैंडपंप खराब होने और जल जीवन मिशन के कनेक्शन अधूरे रहने से ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द समाधान की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मीरजापुर जिले के जमालपुर विकासखंड के मनऊर पुरब पट्टी गांव में गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव में लगा एकमात्र प्रमुख हैंडपंप कई दिनों से खराब पड़ा है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछने के बावजूद अब तक घरों तक पानी का कनेक्शन नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
गांव में बढ़ती परेशानी और लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने खराब हैंडपंप के पास खड़े होकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पाइप लाइन बिछी, लेकिन घरों तक नहीं पहुंचा पानी
ग्रामीणों के मुताबिक जल जीवन मिशन के तहत गांव की गलियों में पाइप लाइन तो बिछा दी गई, लेकिन अब तक अधिकांश घरों को पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है। लोगों का आरोप है कि योजना का काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे गांव में पेयजल संकट और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले गांव के हैंडपंप और पुराने जल स्रोत ही सहारा थे, लेकिन जब से हर घर जल योजना शुरू हुई है, तब से पुराने हैंडपंपों की मरम्मत और रखरखाव पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। परिणाम यह है कि न नई योजना पूरी तरह चालू हो सकी और न पुराने संसाधन सही हालत में बचे।
पानी के लिए भटकने को मजबूर ग्रामीण
गर्मी बढ़ने के साथ गांव में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
प्रदर्शन कर जताया विरोध
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने खराब हैंडपंप के पास प्रदर्शन कर जल्द मरम्मत और जल जीवन मिशन के तहत घरों में पानी कनेक्शन देने की मांग की। प्रदर्शन में अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
प्रदर्शन में दुर्गा शर्मा, भानु शर्मा, झारकंडे प्रजापति, बुद्धन प्रसाद, मेटी प्रजापति, राजेंद्र बियार, विनोद गुप्ता, सूरज कुमार, संतोष शर्मा, रघुनाथ गुप्ता, लालचंद यादव, अनिरुद्ध प्रजापति और डोमन प्रजापति सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
मंत्री के क्षेत्र में ही पेयजल संकट पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने इसलिए भी लोगों का ध्यान खींचा है क्योंकि जमालपुर विकासखंड क्षेत्र को प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का पैतृक क्षेत्र बताया जाता है। ऐसे में ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि जब मंत्री के अपने क्षेत्र में ही लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, तो दूरदराज के गांवों की स्थिति कैसी होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की योजनाएं तभी सफल मानी जाएंगी जब उनका लाभ जमीन पर लोगों तक पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन और जल निगम विभाग से तत्काल कार्रवाई कर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। फिलहाल गांव में पानी की समस्या लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है और ग्रामीण अब जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: आधी रात बांदा में दिखा प्रलय जैसा मंजर, 80 की रफ्तार वाली हवाओं ने मचाई तबाही



