मीरजापुर में मुठभेड़, ₹25 हजार का इनामिया बदमाश पुलिस की गोली से घायल

मीरजापुर के कछवां थाना क्षेत्र में पुलिस ने ₹25 हजार के इनामिया असलहा तस्कर को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पिस्टल, कट्टा और कारतूस बरामद हुए। उसका एक साथी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मीरजापुर में अपराध पर शिकंजा कसने की दिशा में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक कुख्यात गिरोह के सरगना को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई न केवल कानून-व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार नेटवर्क पर भी बड़ा प्रहार है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह और थाना कछवां पुलिस टीम शामिल रही।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

पुलिस को शनिवार, 16 मई 2026 को सूचना मिली थी कि थाना कछवां का वांछित और ₹25 हजार का इनामिया आरोपी बाइक से भटौली के रास्ते भदोही की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने केवटावीर के पास घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ ही देर बाद बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल

पुलिस ने आत्मरक्षा में सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल आरोपी की पहचान देवश्वर शुक्ला निवासी जयवंत सिंह का पुरा, थाना पड़री के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक 32 बोर पिस्टल, दो कट्टे (.315 बोर और .303 बोर) तथा जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना मेजा (प्रयागराज), थाना कछवां (मीरजापुर) और थाना सारनाथ (वाराणसी) में दर्ज मामले शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क केवल मीरजापुर तक सीमित नहीं था, बल्कि आसपास के जिलों में भी सक्रिय रूप से काम कर रहा था।

फरार आरोपी की तलाश जारी, नेटवर्क पर शिकंजा

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही इस पूरे असलहा तस्करी नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है ताकि इसके अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके। मीरजापुर पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: कानपुर में बड़ा खुलासा: होटल रिद्धि में छापेमारी, क्राइम ब्रांच ने सेक्स रैकेट का किया भंडाफोड़

Related Articles

Back to top button