भारत का हर वर्ग रो रहा और पीएम रील बनाने में व्यस्त हैं: राहुल गांधी

  • रायबरेली के सांसद बोले- यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है
  • अमेठी मेरा घर, मेरी कर्मभूमि हैनेता प्रमिपक्ष ने यूपी विस-27 चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में भरा जोश

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अमेठी। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तब निशाना साधा जब इटली के प्रधानमंत्री मेलोनी को मेलोडी टॉफी देते हुए उनका एक वीडियो वायरल हुआ। राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमारे सिर पर आर्थिक तूफान मंडरा रहा है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में मिठाइयां बांटने में व्यस्त हैं! उन्होंने आगे कहा कि किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सभी रो रहे हैं – प्रधानमंत्री हँस रहे हैं और रील बना रहे हैं, जबकि भाजपा के लोग तालियां बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश करते हुए कहा कि अमेठी से उनका पारिवारिक रिश्ता है और चुनाव से पहले यहां के लोग जो भी कहेंगे, वह वैसा ही करेंगे। गांधी ने गौरीगंज के तेजीपुर गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमेठी के साथ अपने परिवार के लंबे समय से चले आ रहे जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरा घर है, मेरा परिवार है और मेरी कर्मभूमि है। राजीव जी, सोनिया जी, प्रियंका जी और मैं – हम सभी अमेठी से जुड़े रहे हैं। मैं यहां से सांसद भी रहा हूं। भविष्य में आप सब मुझसे जो कुछ भी करने को कहेंगे, मैं वही करूंगा।

अमेठी से पार्टी के सांसद किशोरी लाल शर्मा की तारीफ की

राहुल ने अमेठी से पार्टी के सांसद किशोरी लाल शर्मा के भाषण का जिक्र करते हुए उसे भावुक बताया और दोहराया कि वह अमेठी के लोगों की भावनाओं का सम्मान करेंगे। शर्मा ने कहा कि वह खुद को महज़ एक सेवक मानते हैं। उन्होंने इच्छा जतायी कि गांधी को एक बार फिर संसद में अमेठी का प्रतिनिधित्व करना चाहिए। शर्मा ने कहा कि गांव-गांव में लोगों के दिलों में गांधी परिवार के लिए आज भी गहरा स्नेह मौजूद है। राहुल वर्ष 2००4 से 2०19 तक अमेठी से सांसद रहे और वर्ष 19 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा नेता स्मृति ईरानी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। हालांकि वर्ष 24 की लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को हराया था लेकिन वर्ष 27 के विधानसभा चुनाव से पहले अमेठी में कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी है।

एचपी के मैनेजर हर्षित मिश्रा के परिजनों से मिले नेता प्रतिपक्ष

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लखनऊ एयरपोर्ट पर बीते दिनों बदायूं के हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) एथेनॉल प्लांट में मारे गए मैनेजर हर्षित मिश्रा के परिजनों से मुलाकात की, राहुल गांधी ने बंद कमरें में पीडि़त परिवार से मुलाकात की और शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान हर्षित मिश्रा के परिजनों ने प्रशासन की ढीली कार्रवाई को लेकर अपनी चिंताएं रखीं। साथ ही हर्षित हत्याकांड को लेकर पीडि़त परिवार ने सीबीआई जांच कराए जाने की मांग रखी है। राहुल गांधी ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है.। परिवार के सदस्य वैभव मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए जो एसआईटी गठित की गई थी, उसे 16 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी. परिवार का आरोप है कि घटना को ढाई महीने बीत चुके हैं लेकिन, एसआईटी की रिपोर्ट न तो सार्वजनिक की गई है और न ही पीडि़त परिवार को इसकी कोई जानकारी दी गई है।

Related Articles

Back to top button