मान सरकार पर पंजाब की जनता को भरोसा: केजरीवाल

  • विस चुनाव में पार्टी अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में आगामी चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर पूरा भरोसा जताया और कहा कि सत्ता समर्थक लहर के चलते पार्टी अपना ही रिकॉर्ड तोडऩे के लिए तैयार है। राज्य के दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए, आप प्रमुख ने कहा कि जनता में जो सकारात्मक भावना है, वह भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का परिणाम है।
केजरीवाल ने कहा कि मैं पंजाब में दो दिवसीय दौरे पर हूं, जहां मैं चुनाव के संबंध में पंजाब के नेतृत्व से कई बैठकें करूंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि आम आदमी पार्टी आगामी चुनावों में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी। पंजाब में आप सरकार के प्रति सकारात्मक माहौल है। हमारी सरकार के प्रति सत्ता समर्थक भावना है, न कि सत्ता विरोधी भावना। राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि जनता उन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव को स्वीकार कर रही है, जिन्हें पहले अन्य राजनीतिक दलों द्वारा नजरअंदाज किया जाता था। आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने जोर देकर कहा कि लोग हमारे कार्यों की चर्चा कर रहे हैं, जैसे मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये का बीमा और खेल के मैदानों का निर्माण। किसी भी अन्य सरकार ने इतना काम नहीं किया। विपक्ष के पास मान साहब को मौखिक रूप से गाली देने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है। हम आने वाले चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। ये टिप्पणियां पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा 13 मई को राज्य भर में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के आम चुनावों का कार्यक्रम घोषित करने के बाद आई हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है जो 31 मई, 26 तक पूरी होनी है।

Related Articles

Back to top button