PM Awas Survey में पूछा आवास का हाल, बढ़ गया विवाद; सभासद और बेटे पर FIR

गोरखपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे के दौरान विवाद हो गया। महिला की तहरीर पर सभासद, उनके बेटे और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी समेत केस दर्ज हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 16 आजाद नगर डिहुलिया में एक महिला ने स्थानीय सभासद, उनके बेटे और कुछ अज्ञात लोगों पर गाली-गलौज, जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पीपीगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आवास सर्वे के दौरान शुरू हुआ विवाद

डिहुलिया गांव निवासी सुनैना देवी पत्नी अभिषेक भारती के मुताबिक, 11 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे सभासद जयहिंद यादव, उनके पुत्र कमलेश यादव और दो-तीन अन्य लोग लेखपाल के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र और अपात्र लोगों का सर्वे कर रहे थे। टीम जब उनके घर के पास पहुंची तो उन्होंने आवास मिलने को लेकर जानकारी मांगी। आरोप है कि इसी बात पर विवाद शुरू हो गया।

पति से मारपीट और मोबाइल तोड़ने का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि सभासद और उनके बेटे ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। पति अभिषेक भारती ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। तहरीर में मोबाइल फोन तोड़ने और परिवार को जान-माल की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पीपीगंज पुलिस ने जयहिंद यादव, कमलेश यादव और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 324(4) और एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(1)(द) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: CM Yogi पर कथित टिप्पणी से गरमाया मामला, पीपीगंज थाने पहुंची शिकायत; जांच की मांग

Related Articles

Back to top button