17 सितंबर से बदल जाएगा गोरखपुर एयरपोर्ट का अंदाज! यात्रियों के लिए शुरू होंगे दो बड़े अभियान
गोरखपुर एयरपोर्ट पर 17 सितंबर से यात्री सेवा अभियान और स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू होगा। यात्रियों की सुविधाओं, सेवा गुणवत्ता, सफाई और कचरा प्रबंधन पर फोकस रहेगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए 17 सितंबर से दो विशेष अभियान शुरू होने जा रहे हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ 17 सितंबर से 10 अक्टूबर और ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सुविधाओं, सेवा व्यवहार और स्वच्छता व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
पार्किंग से बैगेज तक सुविधाओं पर नजर
यात्री सेवा अभियान में प्रवेश क्षेत्र, पार्किंग, कनेक्टिविटी, बैठने की व्यवस्था, वे-फाइंडिंग, FIDS, यात्री सूचना और बैगेज व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुगम सुविधाओं की भी समीक्षा होगी। हेल्पडेस्क, पेयजल, डिजिटल सेवाओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पहली बार उड़ान भरने वालों की भी मदद
एयरपोर्ट पर महिलाओं, बच्चों और परिवारों के अनुकूल व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ यात्रियों से फीडबैक लिया जाएगा। उड़ानों की समयबद्धता, मौसम से निपटने की तैयारी, मेडिकल एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं और हरित एयरपोर्ट से जुड़ी तैयारियों को भी परखा जाएगा। पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों और UDAN से जुड़े यात्रियों की सहायता पर भी फोकस रहेगा।
17 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत सफाई अभियान, स्वच्छता शपथ, श्रमदान, कचरा पृथक्करण और परिसर के सौंदर्यीकरण जैसी गतिविधियां होंगी। सफाई मित्रों के सम्मान और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर विशेष स्वच्छता दिवस होगा। अभियान का समन्वय प्रभारी प्रचालन विजय कुमार करेंगे। निदेशक संजय कुमार के मार्गदर्शन में एयरपोर्ट, एयरलाइंस, सुरक्षा और हाउसकीपिंग से जुड़ी टीमें सहयोग करेंगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: PM Awas Survey में पूछा आवास का हाल, बढ़ गया विवाद; सभासद और बेटे पर FIR



