60 हजार का बिजली बिल 13 हजार कैसे हुआ? 20 हजार रुपये लेने का आरोप, जांच के निर्देश

गोरखपुर के चौरीचौरा बिजली सब स्टेशन के क्लर्क पर बिल कम कराने के नाम पर 20 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद चीफ इंजीनियर ने जांच के निर्देश दिए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के चौरीचौरा विद्युत सब स्टेशन से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसने बिजली बिल सुधार की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्रह्मपुर गांव निवासी डॉ. सज्जन कुमार ने सब स्टेशन पर तैनात क्लर्क संतोष विश्वकर्मा पर बिल कम कराने के नाम पर 20 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर ने जांच के निर्देश दिए हैं।

60 हजार से अधिक के बिल को लेकर पहुंचा मामला

शिकायतकर्ता के मुताबिक पुराने बिजली मीटर का डिस्प्ले खराब होने के बाद विभाग ने नया मीटर लगाया था। आरोप है कि पुराने और नए मीटर की रीडिंग के आधार पर उनका बिजली बिल 60 हजार रुपये से अधिक तैयार हो गया। डॉ. सज्जन कुमार का कहना है कि बिल की समस्या लेकर वह चौरीचौरा सब स्टेशन पहुंचे। आरोप है कि वहां क्लर्क संतोष विश्वकर्मा ने बिल कम कराने के एवज में उनसे 20 हजार रुपये लिए। इसके बाद करीब 13 हजार रुपये का बिल तैयार किया गया।

20 हजार रुपये और बिल में बड़ी कमी पर सवाल

शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि यदि वास्तविक देय राशि 60 हजार रुपये से अधिक थी तो बिल घटकर करीब 13 हजार रुपये कैसे हो गया। वहीं, अगर 13 हजार रुपये ही सही बिल था तो उसे कम कराने के नाम पर कथित तौर पर 20 हजार रुपये क्यों लिए गए। उन्होंने दावा किया कि समस्या के समाधान के लिए उन्हें करीब डेढ़ महीने तक विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े। साथ ही अन्य उपभोक्ताओं से भी ऐसी शिकायतें मिलने की बात कही है।

जांच के बाद साफ होगी पूरे मामले की तस्वीर

मामले में चीफ इंजीनियर ने जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि बिजली बिल में इतनी बड़ी कमी किस आधार पर की गई और कथित रूप से लिए गए 20 हजार रुपये का वास्तविक मामला क्या है। फिलहाल क्लर्क पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और विभागीय जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: डीडीयू विश्वविद्यालय को मिला नया कप्तान, प्रो. केपी सिंह ने संभाला कुलपति का पद

Related Articles

Back to top button