गोरखपुर में सड़क पर मौत बनकर पड़ा था हाईटेंशन तार, 11 साल के बच्चे की गई जान
गोरखपुर के राप्तीनगर फेज-4 में सड़क पर पड़े हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। उसे बचाने पहुंचा 8 वर्षीय बालक भी झुलस गया।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: गोरखपुर में शनिवार सुबह सड़क पर पड़ा हाईटेंशन तार एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गया। चिलुआताल थाना क्षेत्र के राप्तीनगर फेज-4 में करंट की चपेट में आने से 11 वर्षीय हिमराज यादव की मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने पहुंचे आठ वर्षीय दूसरे बालक को भी करंट लगा, जिससे वह झुलस गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा हुआ।
सड़क पर पड़ा था हाईटेंशन तार, बच्चे की मौत
परिजनों के अनुसार हिमराज अपनी मां से मिलने जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर पड़े हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हिमराज को बचाने पहुंचे आठ वर्षीय बालक को भी विद्युत प्रवाह का झटका लगा और वह झुलस गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तार पिछले दो दिनों से सड़क पर गिरा हुआ था और इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई थी।
राप्तीनगर में लोगों का फूटा गुस्सा
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग राप्तीनगर स्पोर्ट्स कॉलेज के पास बिजली हैंडल को घेरकर हंगामा करने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने के बावजूद तार हटाने या बिजली आपूर्ति बंद करने की कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि समय रहते कदम उठाया जाता तो हादसा टल सकता था।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हंगामे की सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ गोरखनाथ रविकुमार सिंह के साथ चिलुआताल, शाहपुर और गुलरिहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों और मृतक के स्वजन को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने हिमराज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। घटना के बाद इलाके में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बनी हुई है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: कानपुर से शुरू हुआ बड़ा रोड शो, ग्लोबल बाजार में छाएगा UP का लेदर! 100+ कंपनियां होंगी शामिल



