कानपुर से शुरू हुआ बड़ा रोड शो, ग्लोबल बाजार में छाएगा UP का लेदर! 100+ कंपनियां होंगी शामिल
कानपुर से AILPA 2.0 के रोड शो की शुरुआत हुई। अक्टूबर में कोलकाता में होने वाले फेयर में 80 से ज्यादा खरीदार और 100 से अधिक मैन्युफैक्चरर्स व एक्सपोर्टर्स के पहुंचने की उम्मीद है।

कानपुर की लेदर इंडस्ट्री को ग्लोबल बाजार से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। शुक्रवार को कानपुर से ऑल इंडिया लेदर प्रोडक्ट्स एंड अलाइड सोर्सिंग फेयर (AILPA 2.0) के रोड शो की शुरुआत हुई। यह फेयर 28 से 30 अक्टूबर 2026 तक कोलकाता के बिस्वा बांग्ला एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित होगा। आयोजकों के मुताबिक, इसका मकसद भारतीय मैन्युफैक्चरर्स और एक्सपोर्टर्स को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ना है।
कानपुर और कोलकाता मिलकर बनाएंगे ग्लोबल कारोबारी मंच
काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स के वाइस चेयरमैन मुख्तारुल अमीन ने कहा कि AILPA 2.0 सिर्फ ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि लंबे समय तक चलने वाले कारोबारी रिश्ते बनाने का मंच है। AILPA 2.0 के चेयरमैन अधर साहनी ने कानपुर की मैन्युफैक्चरिंग विशेषज्ञता और कोलकाता की कनेक्टिविटी को इस पहल की अहम ताकत बताया।
80 से ज्यादा खरीदार, 100 से अधिक मैन्युफैक्चरर्स की उम्मीद
AILPA 2.0 के पूर्व प्रेसिडेंट जगदीश गुलाटी के मुताबिक, फेयर में 80 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों तथा 100 से अधिक मैन्युफैक्चरर्स और एक्सपोर्टर्स के पहुंचने की उम्मीद है। यहां लेदर गुड्स, बैग, बेल्ट, फिनिश्ड लेदर के साथ लेदर मशीनरी, केमिकल्स और दूसरे संबद्ध उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
अमेरिका के टैरिफ पर भी कारोबारियों की नजर
आयोजकों ने कहा कि बदलते अंतरराष्ट्रीय व्यापार माहौल के बीच भारतीय कंपनियों के लिए नए बाजार और खरीदार तलाशना जरूरी है। उनके मुताबिक AILPA 2.0 के जरिए ऐसे अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संपर्क विकसित करने की कोशिश होगी, जिससे भारतीय लेदर उद्योग को नए सोर्सिंग अवसर मिल सकें। आयोजकों ने अमेरिका के टैरिफ को लेकर भी भरोसा जताया और कहा कि ग्लोबल बाजारों में नए कारोबारी संपर्क बढ़ाने से उद्योग को अवसर मिलेंगे।
रिपोर्ट: प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में Views के लिए जान हथेली पर! हाईवे पर बाइक के पहिए हवा में, नौका विहार में फ्लिपिंग
यह देखें वीडियो:



