IIT दिल्ली के खास प्रोग्राम में मिलेगा वर्किंग प्रोफेशनल्स को मौका, ऐसे करें आवेदन
ऑनलाइन लाइव क्लास के जरिए युवा और वर्किंग प्रोफेशनल्स Project Planning, Risk Management और Data Analytics सीख सकेंगे.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: IIT दिल्ली ने प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में 7 महीने का Executive Program शुरू किया है. ऑनलाइन लाइव क्लास के जरिए युवा और वर्किंग प्रोफेशनल्स Project Planning, Risk Management और Data Analytics सीख सकेंगे.
करियर में आगे बढ़ने और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपनी स्किल्स मजबूत करने की चाह रखने वाले युवाओं और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए अच्छी खबर है. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (IIT Delhi) ने 7 महीने का Executive Program in Advanced Project Management शुरू किया है.
यह प्रोग्राम IIT Delhi के Continuing Education Programme (CEP) के तहत संचालित होगा. इसकी खासियत यह है कि इसे ऑनलाइन लाइव सेशन के जरिए पूरा किया जा सकेगा. ऐसे में नौकरी करने वाले प्रोफेशनल्स भी अपने काम के साथ इस कोर्स को कर सकते हैं. प्रोग्राम में प्रोजेक्ट प्लानिंग से लेकर रिस्क मैनेजमेंट और डेटा एनालिटिक्स जैसी जरूरी स्किल्स सिखाई जाएंगी.
7 महीने में सीखेंगे प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की बारीकियां
IIT दिल्ली का यह प्रोग्राम 26 सितंबर 2026 से शुरू होकर 21 मार्च 2027 तक चलेगा. पूरी पढ़ाई ऑनलाइन लाइव क्लास के माध्यम से होगी. कोर्स के दौरान प्रोजेक्ट प्लानिंग, रिस्क मैनेजमेंट, बजट तैयार करना, Agile Methodology और आधुनिक Data Analytics जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी.
सिर्फ थ्योरी तक सीमित रहने के बजाय स्टूडेंट्स को केस स्टडी और प्रैक्टिकल एक्सरसाइज के जरिए भी ट्रेनिंग दी जाएगी. इससे प्रतिभागियों को वास्तविक प्रोजेक्ट से जुड़ी परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी.
ग्रेजुएट और अनुभवी डिप्लोमा होल्डर भी एलिजिबल
इस कोर्स के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की होना जरूरी है. इसके अलावा ऐसे उम्मीदवार जिनके पास डिप्लोमा के साथ काम करने का एक्सपीरिएंस है वो भी आवेदन कर सकते हैं. यह प्रोग्राम खास तौर पर मिड-लेवल मैनेजर्स, प्रोजेक्ट लीडर्स, एंटरप्रेन्योर और युवा ग्रेजुएट्स के लिए उपयोगी हो सकता है.
क्विज और कैपस्टोन प्रोजेक्ट से होगा मूल्यांकन
प्रोग्राम में प्रतिभागियों का मूल्यांकन Quiz, Assignments और Capstone Project के आधार पर किया जाएगा. निर्धारित Attendance और Evaluation Criteria पूरा करने वाले उम्मीदवारों को IIT दिल्ली की ओर से Executive Certificate दिया जाएगा.
ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार IIT दिल्ली के Continuing Education Programme Portal के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज, फोटो और अन्य मांगी गई जानकारी अपलोड करनी होगी. सीटें सीमित होने के कारण उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है.



