टी20 विश्वकप: चौथी बार खिताबी मुकाबला खेलेगा भारत

  • सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराया
  • संजू सैमसन ने खेली 89 रन की तूफानी पारी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की अहम साझेदारी की।
किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन की तूफानी पारी खेली। इसके बाद शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रन बनाए। अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन बनाकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। भारतीय टीम ने विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही टीम इंडिया लगातार दो टी20 विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली दुनिया की तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान और श्रीलंका हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा टीम इंडिया चौथी बार टी20 विश्वकप का खिताबी मुकाबला खेलेगी। अब भारतीय टीम का सामना 8 मार्च यानी रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा।

जैकब बेथेल की मेहनत पर फिरा पानी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने कड़ी टक्कर दी। जैकब बेथेल ने बेहतरीन शतक लगाते हुए 105 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। उन्होंने 48 गेंदों का सामना किया और आठ चौके तथा सात छक्के की सहायता से 105 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 218.75 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इसी के साथ बेथेल ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।

Related Articles

Back to top button