दो बदलावों के साथ उतरेगी भारतीय टीम

- जिम्बाब्वे के साथ मुकाबला आज,रिंकू और सुंदर की जगह सैमसन-अक्षर की होगी वापसी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई। टी20 विश्वकप 2026 के सुपर-8 चरण में आज भारत और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगे। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। एक ओर भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका से करारी हार का झटका लगा, तो दूसरी ओर जिम्बाब्वे की टीम भी वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी शिकस्त झेल चुकी है। ऐसे में चेन्नई के चेपॉक में होने वाला यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम अब सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए न सिर्फ जीत, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करना चाहेगी ताकि नेट रन रेट सुधर सके। भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 10 मैच जीते हैं जबकि जिम्बाब्वे सिर्फ तीन मैच ही जीत पाया है। अभिषेक शर्मा लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट चिंता का विषय रहा है। ऐसे में संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में शामिल किए जाने पर विचार किया जा सकता है। दरअसल, ईशान और अभिषेक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर आने वाले तिलक वर्मा भी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। वहीं, दूसरी टीमें लगातार स्पिनर्स का इस्तेमाल कर रही हैं। ऐसे में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर सैमसन की प्लेइंग 11 में वापसी होती है तो वह अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। वहीं ईशान किशन नंबर-3 पर खेलते नजर आ सकते हैं। स्पिन विभाग की कमान वरुण चक्रवर्ती संभाल सकते हैं और उपकप्तान अक्षर पटेल की वाशिंगटन सुंदर की जगह वापसी हो सकती है।
मेजबान श्रीलंका टी20 विश्वकप से बाहर
कोलंबो। मिचेल सैंटनर और कोल मैककोन्की की अर्धशतकीय साझेदारी के बाद रचिन रवींद्र की शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप 2026 की सह-मेजबान श्रीलंका टीम को 61 रन से हरा दिया। इसी के साथ श्रीलंका का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। अब टीम अपना आखिरी मुकाबला पाकिस्तान से खेलेगी। बुधवार को कोलंबो में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में सात विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर सिर्फ 107 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। सुपर-8 मुकाबले में जीत के साथ न्यूजीलैंड ग्रूप-2 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। वहीं, इंग्लैंड चार अंक लेकर शीर्ष पर है। श्रीलंका दो मैचों में शिकस्त झेलने के बाद आखिरी पायदान पर पहुंच गई। वहीं, पाकिस्तान फिलहाल एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। सलमान आगा की टीम को अपना आखिरी मुकाबला 28 फरवरी को खेलना है। पाकिस्तान अगर यह मैच जीत भी लेता है तो तीन अंक हासिल कर पाएगा, लेकिन नेट रन रेट में न्यूजीलैंड उससे बाजी मार लेगा और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगा।



