टी20 में भारत की अफगानिस्तान पर लगातार 10वीं जीत

- दूसरे मैच में सात विकेट से हराया, संजू सैमसन ने जड़ा अर्धशतक
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को दूसरे टी20 मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अफगानिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 14.5 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए इस मैच में जहां नीतीश रेड्डी ने गेंदबाजी में प्रभावित किया, वहीं, सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने फॉर्म में वापसी करते हुए अर्धशतक लगाया।
भारत ने अभी तक टी20 इतिहास में अफगानिस्तान के खिलाफ कोई मैच नहीं गंवाया है। भारत ने दबदबा बरकरार रखते हुए अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार 10वां टी20 मुकाबला जीता। ये टी20 में भारत के खिलाफ किसी टीम की लगातार सर्वाधिक हार है। अफगान ने इस मामले में बांग्लादेश को पीछे छोड़ा। बांग्लादेश ने 2019 से 2025 के बीच भारत के खिलाफ लगातार नौ मैच गंवाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन और अभिषेक ने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई। सैमसन ने एशियाई खेलों से ठीक पहले फॉर्म में वापसी की और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सैमसन और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई जिसे राशिद ने अभिषेक को आउट कर तोड़ा। भारत के लिए सैमसन ने 22 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। वहीं, अभिषेक ने 39 और कप्तान श्रेयस ने 11 रन बनाए। ईशान किशन 23 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 38 और तिलक वर्मा ने 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से नाबाद 15 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए तीनों विकेट राशिद खान ने लिए।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में पंत को मिल सकता है मौका
मुंबई। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम चयन कई बड़े सवालों के जवाब दे सकता है। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाला चयन पैनल टीम चुनेगा और यह अगरकर की आखिरी चयन बैठक होगी, क्योंकि उनका कार्यकाल अक्तूबर की शुरुआत में खत्म होने वाला है। इस बैठक में सबसे ज्यादा नजर रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या पर रहेगी। विकेटकीपिंग में केएल राहुल पहली पसंद बने रहने की संभावना है, लेकिन ईशान किशन के एशियाई खेलों के दल में होने से दूसरे विकेटकीपर की जगह के लिए ऋ षभ पंत और ध्रूव जुरेल के बीच मुकाबला हो सकता है। पंत ने दो साल से ज्यादा समय से कोई वनडे नहीं खेला है, जबकि जुरेल ने अभी तक इस प्रारूप में डेब्यू नहीं किया है। पंत या जुरेल में से कोई एक विकल्प मध्यक्रम के बैकअप बल्लेबाज की भूमिका भी निभा सकता है। कुलदीप यादव भी वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीन मैच खेलने की स्थिति में हैं।



