भारत का जिम्बाब्वे से पहला टी20 मैच कल

- बतौर कप्तान अपना पहला टी20 मैच जीतने की कोशिश करेंगे श्रेयस अय्यर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हरारे। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में मिली हार के बाद अब टीम इंडिया जिम्बाब्वे के साथ खेलते हुए नजर आएगी। तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 23 जुलाई से हरारे में होगा। इस सीरीज में भारतीय टीम पर पिछली दो सीरीज में हारने का दबाव भी होगा। श्रेयस अय्यर को अभी भी बतौर कप्तान सीरीज तो छोडि़ए पहली टी20 इंटरनेशनल जीत का भी इंतजार है। यह जीत का स्वाद उन्हें जिम्बाब्वे में चखने को मिल पाता है या नहीं, यह भी देखने वाली बात होगी। अय्यर की टीम जिम्बाब्वे पहुंच गई हैं। इस दौरे पर बिल्कुल नया कोंचिग स्टाफ नजर आने वाला है। भारत के हेड कोच गौतम गंभीर इस दौरे पर टीम के साथ नहीं होंगे। उनकी गैरमौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण कोंचिग का जिम्मा संभालेंगे।
इस सीरीज पर आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को मौका दिया गया है। जिसमें वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे में अभी तक कुल 12 टी20 इंटरनेशल मुकाबले खेले हैं। भारत को यहां 9 मैचों में जीत मिली है जबकि तीन मैच भारतीय टीम जिम्बाब्वे में हारी भी है। पिछले दौरे पर टीम इंडिया शुभमन गिल की कप्तानी में हरारे में सीरीज का पहला मैच ही हार गई थी। हालांकि, उसके बाद चारों मुकाबले जीतते हुए भारत ने 4-1 से सीरीज अपने नाम कर ली थी। उससे पहले 2016 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2-1 से यहां टी20 सीरीज अपने नाम की थी। इस दौरे पर भी टीम इंडिया को एक बार हार का सामना करना पड़ा था। उससे पहले 2015 में दो मैचों की टी20 सीरीज अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारतीय टीम जीत नहीं पाई थी और 1-1 से सीरीज बराबरी पर रही थी। 2010 में सुरेश रैना की कप्तानी में भारत ने पहली बार जिम्बाब्वे दौरा टी20 सीरीज के लिए किया था और 2-0 से सीरीज अपने नाम की थी।
हशमातुल्लाह शाहिदी ने छोड़ी अफगान टीम की कमान
काबुल। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप से पहले नेतृत्व में बदलाव किया है। हशमातुल्लाह शाहिदी ने टीम की वनडे कप्तानी छोडऩे का एलान किया है। वह साल 2022 से 50 ओवर के फॉर्मेट में टीम की कमान संभाल रहे थे। शाहिदी आखिरी बार भारत के खिलाफ कप्तानी करते नजर आए थे। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने एशिया कप और वनडे विश्व कप 2023 में हिस्सा लिया। इसके साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी उनकी ही अगुआई में टीम टूर्नामेंट में शामिल हुई थी। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने 27 मुकाबलों में जीत दर्ज की। शाहिदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लिखा, आज मैं पूरे सम्मान और अपनी इच्छा से यह घोषणा कर रहा हूं कि मैं अपनी टीम के कप्तान के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। कप्तान के तौर पर यह जिम्मेदारी निभाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी। मुझे गर्व है कि मैंने अपनी टीम के साथ ईमानदारी, एकता और लगन से काम किया। अधिकारियों, कोचों व खिलाडिय़ों की कोशिशों से हमने कई जीत हासिल कीं। अहम मैच जीते, बड़ी टीमों को हराया और टीम का नाम रोशन किया।



