25 सितंबर को केसर चीनी मिल की नीलामी, लेकिन किसानों के बकाये ने फंसा दिया पेंच
बरेली की केसर चीनी मिल की 25 सितंबर को नीलामी प्रस्तावित है। मिल पर करीब 40 हजार किसानों का 182.30 लाख रुपये बकाया है। भुगतान होने पर नीलामी रुक सकती है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के बहेड़ी स्थित केसर चीनी मिल की नीलामी को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, लेकिन किसानों का बकाया इस पूरी प्रक्रिया में बड़ा पेंच बन गया है। 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे बहेड़ी तहसील सभागार में नीलामी प्रस्तावित है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों का पूरा भुगतान प्राथमिकता है। भुगतान होने पर नीलामी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
25 सितंबर को प्रस्तावित है नीलामी
जिला प्रशासन ने तय कार्यक्रम के तहत नीलामी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। तहसील प्रशासन की ओर से इसके लिए प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है। हालांकि, नीलामी से पहले मिल प्रबंधन किसानों का बकाया चुका देता है तो प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। भुगतान नहीं होने की स्थिति में नीलामी रोकी जा सकती है।
40 हजार किसानों का 182.30 लाख रुपये बकाया
केसर चीनी मिल पर करीब 40 हजार किसानों का 182.30 लाख रुपये गन्ना मूल्य बकाया बताया गया है। बहेड़ी एसडीएम गोपाल शर्मा के मुताबिक, किसानों के बकाये का भुगतान होने के बाद ही नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी डीके सक्सेना ने भी 25 सितंबर की तारीख निर्धारित होने की पुष्टि की है।
अवध ग्रुप से बिक्री का सौदा, प्रबंधन ने उठाया सवाल
केसर चीनी मिल के अवध ग्रुप को बेचे जाने का सौदा तय होने की बात सामने आई है। मिल के सीओओ शरत मिश्रा का कहना है कि बिक्री का सौदा पहले ही हो चुका है, इसलिए प्रशासन को नीलामी रोक देनी चाहिए। उनका कहना है कि औपचारिक नीलामी होने पर किसानों के बकाये का भुगतान प्रभावित हो सकता है। अब निगाह 25 सितंबर से पहले होने वाले भुगतान और प्रशासन के अगले कदम पर है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
ये भी पढ़े: गोरखपुर में दो परिवारों के विवाद में मारपीट, मां-बेटी समेत तीन घायल



