बांदा में चलते-चलते आग का गोला बनी महिंद्रा XUV, धमाके से दहला जेल रोड इलाका

बांदा के जेल रोड पर चलती महिंद्रा एक्सयूवी अचानक आग का गोला बन गई। कुछ ही मिनटों में कार में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। मामले की जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा शहर में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती महिंद्रा XUV अचानक आग की लपटों में घिर गई। शहर के व्यस्त और घनी आबादी वाले जेल रोड पर हुई इस घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ देर बाद हुए तेज धमाके से पूरा इलाका कांप उठा। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई।

चलती कार से उठने लगा धुआं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिंद्रा XUV जेल रोड से गुजर रही थी, तभी अचानक कार से धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक ने हालात को भांपते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर निकल गया। इसके बाद आग ने तेजी से पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर मौजूद लोग पहले तो आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ ही देर में लपटें इतनी तेज हो गईं कि लोग दूर हटने को मजबूर हो गए।

धमाके से मची भगदड़

आग लगने के कुछ मिनट बाद कार के अंदर जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कई लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे, लेकिन धमाका होते ही जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना रिहायशी इलाके में होने के कारण आसपास के घरों और दुकानों में भी दहशत फैल गई।

बड़ा हादसा टला

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग आसपास खड़े अन्य वाहनों या मकानों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जेल रोड पर उस समय काफी आवाजाही थी, जिससे खतरा और बढ़ गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।

दमकल टीम ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक महिंद्रा XUV पूरी तरह जल चुकी थी। शहर कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो सकी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी रामजी ने बताया कि कार अचानक धुआं छोड़ने लगी और कुछ ही पलों में आग की लपटों से घिर गई। उन्होंने कहा कि धमाका इतना तेज था कि लोग डरकर भागने लगे।

रिपोर्ट- इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: बांदा में खाकी पर रिश्वतखोरी का बड़ा आरोप, 20 हजार लेने के बाद भी नहीं माना दरोगा

Related Articles

Back to top button