बेटी की तलाश में मुंबई से मिर्जापुर पहुंचा बेबस पिता, लगाए सनसनीखेज आरोप
मुंबई से मिर्जापुर पहुंचे एक विकलांग पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा लिया गया। फर्जी दस्तावेज बनाकर शादी कराने और धमकी देने के आरोप के बाद पीड़ित ने पुलिस व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने एक परिवार की चिंता और बेबसी को उजागर कर दिया है। अपनी नाबालिग बेटी की तलाश में मुंबई से मिर्जापुर पहुंचे एक विकलांग पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगाया गया है। पिता का कहना है कि आरोपी युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया और अब परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। मामला मिर्जापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित पिता बैतुल्ला बदुल्ला खान ने पुलिस अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र में कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुंबई से मिर्जापुर पहुंचा बेबस पिता
पीड़ित का कहना है कि उनकी नाबालिग बेटी को मिर्जापुर का एक युवक झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि बेटी के साथ घर से नगदी और गहने भी गायब हुए हैं। बेटी की तलाश में वह मुंबई से मिर्जापुर तक पहुंचे, लेकिन यहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। पिता का आरोप है कि जब वह आरोपियों के घर और संबंधित लोगों तक पहुंचे तो उनके साथ अभद्रता की गई। इतना ही नहीं, उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया गया।
“एफआईआर खत्म कराओ, नहीं तो बेटी की हत्या कर देंगे”
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि आरोपियों की ओर से उन्हें धमकी दी गई कि मुंबई में दर्ज एफआईआर वापस ले ली जाए, अन्यथा उनकी बेटी को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इस आरोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है। परिवार का कहना है कि बेटी अभी नाबालिग है और उसकी सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।
फर्जी दस्तावेज बनाकर शादी कराने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कराकर जबरन शादी कराई गई। उनका कहना है कि पूरे मामले में कई लोग शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने आरोपी की मदद की। उन्होंने कटरा कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस से यह भी अनुरोध किया गया है कि बेटी को जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए।
प्रधान पति की भूमिका पर भी उठे सवाल
पीड़ित पिता ने देहात कोतवाली क्षेत्र के एक चर्चित प्रधान पति की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि उन्होंने बेटी को छिपाने और नगदी व गहनों को रखने में मदद की। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज कर दी है।
“मैं मुस्लिम हूं इसलिए न्याय नहीं मिल रहा” -पीड़ित पिता
पीड़ित पिता ने भावुक होकर कहा कि वह एक विकलांग और बेबस पिता हैं। उनका आरोप है कि उन्हें न्याय पाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसे सुरक्षित वापस लाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लगाई उम्मीद
बैतुल्ला बादुल्ला खान ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के न्यायप्रिय फैसलों के बारे में सुना है और उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में भी निष्पक्ष कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं परिवार को उम्मीद है कि उनकी बेटी जल्द सुरक्षित वापस मिल जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: अमेरिका से लापता मीरजापुर का बेटा, 10 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग



