मिर्जापुर में बारिश बनी आफत! खरीद केंद्र पर सड़ रहा हजारों कुंटल गेहूं, जिम्मेदार बेखबर
मिर्जापुर के जमालपुर स्थित पीसीयू गेहूं खरीद केंद्र पर उठान में देरी के कारण हजारों कुंटल गेहूं बारिश और खराब भंडारण व्यवस्था की चपेट में है। प्रशासन से तत्काल उठान और नुकसान रोकने की मांग तेज हो गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः मिर्जापुर के जमालपुर विकासखंड स्थित चौकियां संघ के पीसीयू संचालित गेहूं खरीद केंद्र पर उठान में देरी के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं खराब होने का मामला सामने आया है। बरसात, जर्जर भवन और अपर्याप्त भंडारण व्यवस्था के चलते सैकड़ों कुंटल गेहूं प्रभावित होने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
खुले मैदान और जर्जर भवन में रखा है गेहूं
जानकारी के अनुसार, खरीद केंद्र बंद हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब भी करीब 1,500 से 2,000 कुंटल गेहूं केंद्र परिसर में पड़ा हुआ है। गेहूं का कुछ हिस्सा जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन में और बाकी खुले मैदान में तिरपाल से ढककर रखा गया है। बारिश के दौरान तिरपाल उड़ने, छत से पानी टपकने तथा चूहों और आवारा पशुओं के कारण कई बोरियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
केंद्र प्रभारी कर रहे बचाव, उठान की मांग तेज
बताया गया कि हाल के दिनों में कुछ ट्रकों के माध्यम से गेहूं का उठान हुआ है, लेकिन अभी भी कई ट्रकों के बराबर गेहूं केंद्र पर मौजूद है। केंद्र प्रभारी लगातार पानी की निकासी और तिरपाल को व्यवस्थित कर गेहूं को सुरक्षित रखने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने मौके का निरीक्षण कर जिला प्रशासन से शीघ्र गेहूं का उठान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते शेष गेहूं नहीं हटाया गया तो लगातार बारिश के कारण और अधिक नुकसान हो सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में डीएम का औचक निरीक्षण, बंद मिला VHSND सत्र, ANM का वेतन रोका



