SSC CGL परीक्षा में 60% से ज्यादा अभ्यर्थी नहीं हुए शामिल, क्या है कारण?

SSC CGL 2026 टियर-1 परीक्षा शुरू हो गई है. पहले दिन यूपी-बिहार में करीब 40% अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे. 10,731 पदों के लिए परीक्षा 30 अक्टूबर तक तीन पालियों में होगी.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: SSC CGL 2026 टियर-1 परीक्षा शुरू हो गई है. पहले दिन यूपी-बिहार में करीब 40% अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे. 10,731 पदों के लिए परीक्षा 30 अक्टूबर तक तीन पालियों में होगी.

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा (CGL) 2026 की टियर-1 परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई. पहले दिन उत्तर प्रदेश और बिहार में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 40 फीसदी के आसपास रही. SSC मध्य क्षेत्र के 36 केंद्रों पर रजिस्टर्ड 29,609 अभ्यर्थियों में से 11,593 ही परीक्षा में शामिल हुए.

यानी 60 फीसदी से ज्यादा अभ्यर्थी पहले दिन परीक्षा देने नहीं पहुंचे. परीक्षा 30 अक्टूबर तक अलग-अलग तारीखों में तीन पालियों में आयोजित की जाएगी. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार के विभागों में कुल 10,731 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.

यूपी-बिहार में इतनी रही उपस्थिति
पहले दिन उत्तर प्रदेश में 20,003 रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों में से 7,597 परीक्षा में शामिल हुए. यहां उपस्थिति 37.98 फीसदी रही. वहीं, बिहार में 9,606 अभ्यर्थियों में से 3,996 ने परीक्षा दी. बिहार में उपस्थिति 41.60 फीसदी दर्ज की गई. प्रयागराज में 2,922 अभ्यर्थियों में से 1,481 परीक्षा देने पहुंचे. यहां उपस्थिति 50.68 फीसदी रही.

परीक्षा कितनी पालियों में हो रही?
SSC CGL टियर-1 परीक्षा तीन पालियों में हो रही है. पहली पाली सुबह 10 से 11 बजे, दूसरी पाली दोपहर 1:30 से 2:30 बजे और तीसरी पाली शाम 5 से 6 बजे तक होगी. अलग-अलग तारीखों पर यह परीक्षा 30 अक्टूबर तक चलेगी.

10,731 पदों पर होगी भर्ती
SSC CGL 2026 के जरिए केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में ग्रुप B और ग्रुप C के 10,731 पद भरे जाएंगे. इनमें 4,412 पद अनारक्षित, 2,772 OBC, 1,028 EWS, 1,715 SC और 804 पद ST वर्ग के लिए हैं.

सबसे ज्यादा 3,687 पद CBIC में हैं. इनमें सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर के 2,366 और टैक्स असिस्टेंट के 841 पद शामिल हैं. CBDT में 2,421 पद हैं, जिनमें 595 इनकम टैक्स इंस्पेक्टर और 1,400 टैक्स असिस्टेंट के पद हैं.

टियर-1 में कितने सवाल पूछे जाएंगे?
टियर-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा में रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, मैथ्स और इंग्लिश से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे. इसमें कुल 100 प्रश्न 200 अंकों के होंगे. परीक्षा में अभ्यर्थियों को सवाल हल करने के लिए 60 मिनट का समय दिया जाएगा. गलत आंसर देने पर 0.50 अंक काटे जाएंगे.

कब हो सकता है टियर-2 एग्जाम?
टियर-1 में क्वालीफाई करने वाले उम्मीदवार टियर-2 परीक्षा के लिए एलिजिबल होंगे. SSC के मुताबिक टियर-2 दिसंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है.

Related Articles

Back to top button