दीप्ति शर्मा के पंजे से पाकिस्तान चित

  • 106 रनों पर ऑलआउट हुई टीम, टॉस के दौरान नहीं हुआ हैंडशेक

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बर्मिंघम। स्मृति मंधाना की तूफानी बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा-श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए ग्रूप-1 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट अपने नाम किए।
वहीं, शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली। वहीं 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ मुनीबा अली ही संघर्ष कर सकीं। मुकाबले से पहले टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों की महिला कप्तानों के बीच ऐसा देखने को मिला। हालांकि, हरमनप्रीत ने मैच से पहले साफ कहा था कि उनका पूरा ध्यान केवल क्रिकेट पर है और टीम पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले दबाव को सकारात्मक तरीके से लेने पर फोकस कर रही है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाली दूसरी भारतीय बनी दीप्ति

बर्मिंघम। भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। दीप्ति ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 10 रन देकर पांच विकेट झटके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके साथ ही दीप्ति शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा छूने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं। उनके नाम अब भारत के लिए कुल 354 अंतरराष्ट्रीय विकेट दर्ज हो चुके हैं। महिला क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम है, जिन्होंने अपने करियर में 355 विकेट हासिल किए थे। दीप्ति अब इस रिकॉर्ड से केवल एक विकेट दूर हैं। मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार मिलने पर दीप्ति शर्मा ने कहा, मैं बहुत आभारी हूं। मुझे इस तरह की पिचें पसंद हैं और इसका पूरा श्रेय टीम को जाता है। मुझे आईसीसी टूर्नामेंट खेलना हमेशा पसंद रहा है। मुझे लगता है कि मेरी शुरुआत भी ऐसे ही बड़े मंच से हुई थी, इसलिए ये टूर्नामेंट मेरे लिए खास हैं।

Related Articles

Back to top button