आप सांसद मित्तल के यहां रेड पर लाल हुई सियासत
भाजपा को करारा जवाब देंगे : केजरीवाल

- भाजपा पर आप का चौतरफा वार बोली- राजनीति से प्रेरित है छापा
- राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को मिली थी जिम्मेदारी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक अशोक मित्तल के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी छापेमारी की है। इस छापेमारी के बाद पंजाब से लेकर दिल्ली तक सियासी बवाल मच गया है। आप और भाजपा आमने सामने आ गए हैं। जहां आप बोल रही है विधान सभा चुनाव की वजह से ये सब हो रहा है तो भाजपा बोल रही है पुराने गलत काम सामने आ रहे हैं। यह कार्रवाई इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कुछ ही दिन पहले मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया गया था।
उन्होंने राघव चड्ढा की जगह ली थी, जिनके बारे में खबरें थीं कि उनके अरविंद केजरीवाल के साथ मतभेद चल रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी की टीमों ने 8 से 9 जगहों पर तलाशी ली, जिनमें गुरुग्राम और पंजाब के कुछ ठिकाने भी शामिल हैं। सांसद के आवास, उनके बेटे की संपत्तियों और एक फार्महाउस पर छापेमारी की गई। आम आदमी पार्टी ने अक्सर केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब भी कोई नेता सक्रिय होता है या उसे बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है, केंद्र सरकार एजेंसियों का इस्तेमाल कर उसे रोकने की कोशिश करती है। राजनीतिक गलियारों में इस छापेमारी को हालिया बदलावों से जोडक़र देखा जा रहा है। राघव चड्ढा, जो लंबे समय तक राज्यसभा में पार्टी का चेहरा रहे थे, उन्हें हटाकर अशोक मित्तल को जिम्मेदारी दी गई थी। इस नियुक्ति के महज कुछ दिनों बाद ही ईडी की यह कार्रवाई आप के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है। वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने भी एक्स पर लिखा- मोदी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी। लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे।
यह छापेमारी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण : अमन अरोड़ा
आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, और आज पूरा देश इसे देख रहा है। भारत के सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाई कोर्ट्स की बार-बार की टिप्पणियों के बावजूद एजेंसियों का कथित तौर पर केंद्र सरकार, भारतीय जनता पार्टी, नरेंद्र मोदी और अमित शाह द्वारा दुरुपयोग किया जाता है। विशेष रूप से आप के नेतृत्व के खिलाफ—अरविंद केजरीवाल से लेकर मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह तक—इन सभी को कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाया गया है। ये सभी कदम भाजपा द्वारा 2027 के चुनावों की तैयारियों का ही हिस्सा हैं, इससे ज्यादा कुछ नहीं।
आप के कारनामे सामने आ रहे हैं : सुनील जाखड़
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, दही खट्टा कौन कहता है! आपके एमएलए, मंत्री और एमपी के कारनामे हर दिन सबके सामने आ रहे हैं। अगर आपकी सरकार ने एक्शन नहीं लिया, तो भारत सरकार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन लेना पड़ेगा। बाकी स्कॉलरशिप घोटाले की जांच के आदेश भी हाईकोर्ट ने दिए हैं। वहीं इस रेड पर सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर तंज कसा। सीएम ने लिखा-भाजपा द्वारा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरूज् आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ईडी की रेड..टिपिकल मोदी स्टाइल.. हम वो पत्ते नहीं जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे, आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहें।



